-इसी माह से कलर कोड लागू करने की बनाई जा रही योजना

बरेली:

शहर में महिलाओं के लिए पिंक ऑटो का संचालन होगा। इसके लिए एआरटीओ प्रशासन आरपी सिंह ने शहर में चलने वाले वाहनों के लिए कलर लिस्ट भी जारी कर दी है। जिसमें महिलाओं के लिए चलने वाले ऑटो पिंक कलर के होंगे जबकि सीएनजी वाहन का ग्रीन कलर रखा गया है। इसके अलावा अन्य कॉमर्शियल वाहनों के लिए भी कलर निर्धारित कर दिए गए हैं।

वारदातों पर लगेगा अंकुश

महिलाओं के साथ होने वाली वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग के पास यह आदेश मुख्यालय से आया है। ज्ञात हो ऑटो में महिलाओं के साथ बैठे पुरुष छेड़छाड़ और छींटाकशी करते रहते हैं। जिसे रोकने के लिए विभाग नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। पिंक ऑटो में केवल महिलाएं ही सफर करेंगी।

सफेद रंग में दिखेंगे इलेक्ट्रिक वाहन

परिवहन विभाग के अनुसार सिटी में चलने वाले सभी सीएनजी वाहन ग्रीन, इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहन व्हाइट, महिलाओं के द्वारा चलाए जाने वाले और उनके लिए चलने वाले वाहनों का पिंक कलर होगा, लेकिन यह नियम मोटर टैक्सियों में लागू नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही बाइक टैक्सी की दशा में केवल शब्द 'बी टैक्सी' सफेद रंग में टैक्सी के दोनों ओर 20 सेमी। के गोले में लिखा होना चाहिए।

टैक्सी गाड़ी पर टैक्सी लिखना अनिवार्य

मिनी बस की बॉडी के बाहरी भाग पर 35 सेमी। चौड़ाई का आसमानी रंग का चमकीला क्षैतिज फीता लगाना होगा। फीते की पट्टी के बीच में साठ सेमी। व्यास के गोले में 'ठेका गाड़ी' काले रंग से लिखा जाएगा। फीता खिड़की से तीस सेमी। नीचे लगाना होगा। वहीं मैक्स और टैक्सी कैब आदि में बॉडी हुड एवं बाहरी भाग पर बीस सेमी। चौड़ाई का आसमानी नीला चमकीला क्षैतिज फीता लगाना होगा। फीते की पटटी के बीच में 25 सेमी। के व्यास में 'टैक्सी गाड़ी' लिखना होगा। स्कूलों में चलने वाले वाहनों को पीले रंग का ही रखा गया है।

वाहनों के लिए कलर कोड निर्धारित कर दिया गया है। महिलाओं के लिए पिंक ऑटो चलाए जाएंगे। यह व्यवस्था इसी महीने लागू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

आपी सिंह, एआरटीओ

Posted By: Inextlive