- स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 के अभियान के तहत बनाए गए थे पिंक टॉयलेट

- शहर में प्रमुख स्थलों पर बनाए गए 30 टॉयलेट नहीं हो सका शुभारंभ

आगरा। स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान 2019 के तहत शहर में बनाए गए 30 लेडीज पिंक टॉयलेट शो-पीस बनकर रह गए हैं। शहर में प्रमुख स्थानों पर बनाए गए पिंक लेडीज टॉयलेट पर ताले लटके हैं। ताला लटके हुए एक महीने से ज्यादा का समय गुजर चुका है, बावजूद किसी का ध्यान इस ओर नहीं है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 के सर्वे में स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम को भौतिक सत्यापन के लिए इनको रातों-रात तैयार किया गया था, लेकिन उपयोग अभी तक शुरू नहीं हो सका है।

30 पिंक लेडीज टॉयलेट पर लटका है ताला

शहर में प्रमुख स्थानों पर बनाए गए 30 पिंक टॉयलेट बनाए गए हैं। इन सभी पर ताला लटका हुआ है। स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान 2019 के तहत बाजारों के प्रमुख स्थलों पर इनको बनाया गया था। मौजूदा समय में इन पर ताला लटका हुआ है। अफसरों की मानें तो इनका विधिवत उद्घाटन कराया जाएगा। इसके बाद इनको शुरू किया जाएगा।

अभी शहर के कई स्थानों पर नहीं है पब्लिक टॉयलेट

अभी शहर में कई ऐसे बाजार हैं, जहां पब्लिक टॉयलेट नहीें हैं। इसके चलते महिलाओं को बाजार में शॉपिंग के दौरान बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसमें सदर बाजार, राजामंडी, जौहरी बाजार, सेव का बाजार, कश्मीरी बाजार , फुव्वारा, दरेसी, लुहारगली, कसेरट बाजार, शाहगंज, सिंधी बाजार आदि स्थानों पर पब्लिक लेडीज टॉयलेट नहीं हैं।

लेडीज टॉयलेट पर तैनात होंगी महिला ऑपरेटर

शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत बनाए गए पिंक लेडीज टॉयलेट में महिला ऑपरेटर तैनात किए जाएंगे। इस बारे में पर्यावरण अभियंता राजीव राठी ने बताया कि शहर में 30 पिंक लेडीज टॉयलेट बनाए गए हैं। इन पर 30 महिला ऑपरेटर तैनात की जानी हैं। इसके लिए महिला ऑपरेटरों को हायर किया जाएगा।

गूगल मैपिंग से कराया गया था सर्वे

शहर में वार्डो को ओडीएफ व बाजारों में टायलेट के लिए गूगल मैपिंग से सर्वे कराया गया था। इसमें 100 वार्डो में 15 हजार शौचालय बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसमें 280 सार्वजनिक शौचालय पहले थे। हालांकि अभी भी कई स्थान ऐसे हैं, जहां टॉयलेट नहीं है।

500 मीटर के दायरे में उपलब्ध कराई जानी थी टॉयलेट की उपलब्धता

भारत सरकार से जारी डेक्लेरेशन योर सिटी व टाउन ओपन डीफिकेशन टूल किट्स में खुले में शौच रोकने के लिए कुछ नियम शर्ते तय की गई है। उसके मुताबिक ऐसे क्षेत्रों के 500 मीटर के दायरे में टॉयलेट की उपलब्धता कराई जानी है।

पिंक लेडीज टॉयलेट पर महिला ऑपरेटर तैनात की जाएंगी। इनका जल्द ही उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद इनको पब्लिक यूज के लिए खोल दिया जाएगा।

राजीव राठी, पर्यावरण अभियंता नगर निगम आगरा

Posted By: Inextlive