MUZAFFARPUR/PATNA (: भगवानपुर स्थित मुथूट फाइनेंस कंपनी के दफ्तर से 10 करोड़ के जेवरात लूट मामले का पुलिस ने चार दिन में ही खुलासा कर दिया है। पुलिस ने समस्तीपुर, बेगूसराय और वैशाली से तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 26.5 किलो सोना बरामद हुआ है। शेष सोना लेकर गिरोह का सरगना विकास झा नेपाल भाग गया है। वह गिरफ्तार लुटेरा सुभाष झा का भाई है। मामले का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को कंपनी ने 30 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है।

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

बीते छह फरवरी को दिनदहाड़े हथियार के बल पर मुथूट फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में घुसे लुटेरों ने 10 करोड़ के सोने के जेवरात (32 किलो), करीब दो लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया था। घटना के बाद एसएसपी के नेतृत्व में सिटी एसपी राकेश कुमार के साथ एसआइटी गठित की गई थी। टीम को जांच में सीसीटीवी कैमरे का फुटेज मिला। इससे एक लुटेरे की पहचान की गई। घटना के बाद शाखा प्रबंधक विनय कुमार सिंह का मोबाइल लुटेरे अपने साथ लेकर भाग निकले थे। इसी से पुलिस को लुटेरों की लोकेशन मिली।

समस्तीपुर में किया था बंटवारा

लूट के बाद सभी लुटेरे समस्तीपुर पहुंचे। वहीं रुककर जेवरात का बंटवारा किया। टीम ने समस्तीपुर के दलसिंहसराय, शाहपुर परारा गांव में छापा मारकर सुभाष कुमार झा को उसके घर से पकड़ा। उसने मिट्टी में गाड़कर डेढ़ किलोग्राम सोना रखा था। उसकी निशानदेही पर वैशाली के महुआ चकमुजाहिद से अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके घर से नीले रंग के सूटकेस से 25 किलो सोना बरामद हुआ। बेगूसराय के नावकोठी के समसा गांव से एक अन्य लुटेरे आलोक कुमार को गिरफ्तार किया गया।

नेपाल में छिपा है सरगना

गिरफ्तार लुटेरा सुभाष झा का भाई विकास झा शेष सोना लेकर नेपाल फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम लगी हुई है। विकास घटना के समय फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में नहीं था। वह बाहर से ही रेकी कर रहा था। इसलिए, उसका फुटेज नहीं आया। घटना का मास्टरमाइंड उसे ही बताया गया है। एसएसपी ने बताया कि लूट का पर्दाफाश करने के लिए गठित टीम को 30 लाख रुपए ईनाम देने की बात डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने की है। पुरस्कार मुथूट फाइनेंस कंपनी ने देने का एलान किया है।

Posted By: Inextlive