- कहा, मौन धारण करने के बजाय राष्ट्रपति को रिपोर्ट भेजें राज्यपाल

LUCKNOW :

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। मुख्यमंत्री 24 घंटे में अपराधों के खुलासे के चाहे जितने अल्टीमेटम दें, प्रशासनिक तंत्र पर उसका कोई असर नहीं होता दिखाई देता है। दीवाली से पहले यूपी में खून की होली खेली जा रही है। पीएम के संसदीय क्षेत्र में दो लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी गई। डिप्टी सीएम, स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में छात्रावास के अंदर सुमित शुक्ला की हत्या हो गई। रायबरेली के हीरा व्यापारी लोकेश दुबे से जौनपुर में बदमाशों ने 1.70 करोड़ की ज्वेलरी और रूपए लूट लिए और गोली मार दी।

राजधानी भी नहीं सुरक्षित

अखिलेश ने कहा कि हालत यह है कि राजधानी में कई संगीन घटनाओं का खुलासा नहीं हो पा रहा है। सीतापुर में कल घटी घटना तो सरकार की प्रतिष्ठा को ही कलंकित करती है। उन्होंने तंज कसा कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल में असली रामराज स्थापित हो गया है। थानों में भाजपा नेता और संघ स्वयं सेवकों का राज है। पुलिस शाम से ही सो जाती है, रात में वसूली के काम में लगी रहती है और सुबह टाइम से सलामी देने आ जाती है। यूपी देश में अकेला राज्य है जहां लोगों की जिंदगी का कोई ठिकाना नहीं है। खेद इस बात का है कि प्रदेश की दिन पर दिन बिगड़ती हालत को देखते हुए भी राज्यपाल ने मौन धारण कर रखा है। अपने संवैधानिक दायित्व का निर्वाह करते हुए उन्हें तत्काल भाजपा की राज्य सरकार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर राष्ट्रपति को अपनी रिपोर्ट भेजनी चाहिए।

बॉक्स

राजबब्बर ने भी किया हमला

वहीं दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने भी बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कहा कि लखनऊ वारदातों की राजधानी बन गई है। प्रदेश के अन्य जनपदों में जनता बढ़ रहे अपराधों से त्राहिमाम कर रही है। आम जनता डर से सहम गयी है। मुख्यमंत्री अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस को अल्टीमेटम देते हैं। वहीं लखनऊ में हुई लूट और हत्या के अपराधियों तक पुलिस नहीं पहुंच पा रही है। राजधानी ही नहीं प्रदेश के दूसरे जिलों में भी अपराध चरम पर पहुंच गया है।

Posted By: Inextlive