प्रदेश अध्यक्ष अजय भटट् का रविवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय में जोरदार स्वागत

अजय भट्ट ने खुद को बताया सीएम पद की दौड़ से बाहर

DEHRADUN: उत्तराखंड में पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट रविवार को प्रदेश कार्यालय पहुंचे। पार्टी की ऐतिहासिक जीत से गदगद भट्ट ने साफ किया कि उन्हें अपनी हार का अफसोस नहीं है, साथ ही उन्होंने कहा कि वे सीएम की दौड़ में नहीं हैं।

पूरे दिन रहा होली का माहौल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भटट् का रविवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। भट्ट ने जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार जनता से किये वायदों को पूरा करेगी। प्रदेश कार्यालय में पूरे दिन होली का माहौल बना रहा। अजय भटट् ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह उत्तराखंड बनने के बाद किसी भी दल को मिलने वाली सबसे बड़ी जीत है। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा राष्ट्र्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया और प्रदेश में भय, भ्रष्टाचार की पर्याय बन चुकी कांग्रेस सरकार को नकार दिया है। भटट् ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस के मुख्यमंत्री दो स्थानों पर चुनाव लड़े और दोनों स्थानों पर हार गए, दो मंत्रियों के अलावा सभी मंत्री पराजित हो गये। इसी के साथ जनता ने भाजपा को भरपूर समर्थन दिया। यह ठीक है कि मैं अपनी विकेट नहीं बचा सका लेकिन मुझे उसका अफसोस नहीं है क्योकि पार्टी को शानदार विजय मिली है। अजय भट्ट ने साफ किया कि वे किसी रेस में शामिल नहीं हैं, उन्होंने कहा कि वे पार्टी के सिपाही हैं और पार्टी यदि उन्हें जिलाध्यक्ष बनाना चाहेगी तो वे उसके लिए भी तैयार हैं।

Posted By: Inextlive