-कांग्रेस के पूर्व विधायक के आवास पर कैबिनेट मंत्री की उपस्थिति की सूचना पर मची हलचल

-रालोद पदाधिकारियों ने अतुल के रवैये पर जताया ऐतराज, अतुल बोले नहीं की गाली-गलौज

Meerut : जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की तारीख ज्यों-ज्यों नजदीक आ रही है वैसे ही सियासी पारा उफान पर चढ़ता जा रहा है। शनिवार को इसमें नया मोड़ आ गया। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा के आवास पर रालोद के जिलाध्यक्ष व प्रदेश महासचिव के पहुंचने के बीच ही अफवाह तैरने लगी कि इस बैठक में कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर भी पहुंचे हैं। सपा के खेमे से ही चली इस सूचना पर मीडिया ने राजेंद्र शर्मा का आवास घेर लिया और वहां शाहिद मंजूर की मौजूदगी या आवाजाही का प्रमाण तलाशा जाने लगा। मंजूर तो नहीं दिखे, लेकिन सपा नेता अतुल प्रधान वहां जरूर पहुंचे।

पूर्व विधायक के घर पहुंचे सपाई

साकेत स्थित कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा के आवास पर रालोद के जिलाध्यक्ष चौ। यशवीर सिंह व प्रदेश महासचिव भोपाल गुर्जर बैठक कर रहे थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर के भी वहां उपस्थित होने की चर्चा मीडिया जगत में फैल गयी। चर्चाएं यह भी उठीं कि मंत्री, सपा प्रत्याशी के खिलाफ रणनीति बनाने रहे हैं। इससे सियासी पारा गरम हो गया।

अतुल प्रधान भी पहुंचे

वहीं दोपहर में समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अतुल प्रधान समर्थकों संग पूर्व विधायक के आवास पर पहुंचे। आरोपित है कि उन्होंने सियासी रसूख दिखाते हुए कांग्रेस व रालोद के नेताओं को जमकर लताड़ा। इस दौरान उन्होंने कैबिनेट मंत्री की उपस्थिति को लेकर भी सवालिया निशान खड़े किए। चर्चाएं तो यहां तक रहीं कि अतुल प्रधान ने कैबिनेट मंत्री को भी पार्टी प्रत्याशी की जीत में अड़ंगा लगाने के लिए विरोधी गतिविधियों को गढ़ने पर गाली-गलौज तक की।

लग रहे हैं सवालिया निशान

इस दौरान सियासी गलियारों के साथ ही मीडिया जगत में भी हलचल हो गयी। मीडिया भी आनन-फानन में पहुंची और मंत्री की उपस्थिति की टोह लेती रही। इस दौरान सत्तारूढ़ पार्टी का झंडा लगी गाड़ी निकली लेकिन मंत्री की उपस्थिति साबित नहीं हो सकी। पूर्व विधायक के आवास पर कैबिनेट मंत्री की मौजूद और पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ व्यूह रचना को लेकर तमाम सवालिया निशान लगते रहे।

मैं पूर्व में कांग्रेस में था। पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा व मैंने लंबा समय कांग्रेस में बिताया है। शनिवार सुबह मैं व प्रदेश महासचिव, पूर्व विधायक के आवास के पिछले भाग में धूप में चाय पी रहे थे। इस दौरान अतुल प्रधान व कुछ मीडियाकर्मी आ धमके। कैबिनेट मंत्री का नाम लेते हुए अतुल ने जमकर गाली-गलौज की। हमने समझाया भी लेकिन वह लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते रहे।

-चौ। यशवीर सिंह, जिलाध्यक्ष, रालोद।

मैं पूर्व विधायक के आवास पर गया था, लेकिन गाली-गलौज या अभद्रता जैसी कोई बात नहीं की। जिलाध्यक्ष को भी सूचना दी, जिस पर वे भी वहां आए। वैसे भी कोई भी व्यक्ति किसी से भी मिल सकता है। वह मंत्री हैं, जनता से मिलना उनका अधिकार है। बेवजह अफवाहें फैलायी जा रही हैं। पार्टी एकजुट है और सीमा की जीत के लिए हर कोई काम कर रहा है।

-अतुल प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी छात्रसभा।

मेरे आवास पर पहले रालोद के जिलाध्यक्ष व उनके साथी पहुंचे थे। बाद में सपा नेता अतुल प्रधान आए। वे घर के बाहर से ही अपने पार्टी के कुछ नेताओं को लेकर बातें कर रहे थे। सूचना मिलने पर मैं गया, उन्हें अंदर आने को कहा। इस तरह की हरकत न करने को कहा। उनके साथ मीडिया के साथी भी थे। हमारे घर पर कई घंटों तक नजर रखी गई लेकिन मंत्रीजी के हमारे यहां होने की बात कोरी अफवाह निकली। जाइलो में कुछ युवक आए थे, मंत्रीजी के बारे में पूछा और चले गए। उसके पीछे मीडिया भी भागी थी।

-राजेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक-कांग्रेस

मुझे नहीं पता क्या मामला है। मैं तो दो दिन से अस्वस्थ हूं, कल भी चेकअप कराकर सपा प्रत्याशी सीमा प्रधान का नामांकन कराने पहुंचा था। आज सुबह सुशील जसवंत राय अस्पताल में डॉ। राजीव अग्रवाल के पास गया था, लेकिन वह नहीं मिले। वापस घर आकर दिनभर आराम किया। शाम को कुछ न्यूज चैनल पर खबर प्रसारित हुई तो लोगों ने फोन किया।

-शाहिद मंजूर, कैबिनेट मंत्री।

Posted By: Inextlive