मायावी दुनिया के किरदार हैरी पॉटर की फ़िल्मों की शृंखला की अंतिम कड़ी ने अमरीका और कनाडा में बॉक्स ऑफ़िस के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.

'हैरी पॉटर ऐंड द डेथली हैलोज़- पार्ट 2' फ़िल्म के वितरक वॉर्नर ब्रदर्स ने बताया है कि रिलीज़ के ही दिन इस फ़िल्म ने नौ करोड़ 21 लाख डॉलर जुटाए जबकि सप्ताहांत के बाद इसका कलेक्शन बढ़कर 16 करोड़ 80 लाख डॉलर पहुँच चुका है।

इससे पहले रिलीज़ के सप्ताहांत का रिकॉर्ड बैटमैन की फ़िल्म 'द डार्क नाइट' का था। उसने उस समय 15 करोड़ 80 लाख डॉलर की कमाई की थी। लोकप्रिय पॉटर की फ़िल्मों की शृंखला की ये आठवीं और अंतिम कड़ी है.

दुनिया भर के हैरी पॉटर प्रेमी सबसे पहले ये फ़िल्म देखने वालों की सूची में शामिल होना चाहते थे और इसके लिए वे घंटों तक लाइन लगाकर खड़े रहे। ये फ़िल्म हैरी पॉटर पर जेके रोलिंग की सातवीं और अंतिम क़िताब पर आधारित है।

अधिकतर सिनेमा हॉल ये फ़िल्म थ्रीडी में दिखा रहे हैं जिसके टिकट की क़ीमत आम स्क्रीन से कुछ ज़्यादा भी है। हैरी पॉटर की सभी फ़िल्मों ने मिलकर दुनिया भर में अब तक कुल चार अरब डॉलर की कमाई की, इसमें इस अंतिम कड़ी की कमाई शामिल नहीं है।

वॉर्नर ब्रदर्स के घरेलू वितरक के प्रमुख डैन फ़ेलमैन ने कहा, "ये फ़िल्म निश्चय ही एक अरब डॉलर का आँकड़ा छू लेगी."हैरी पॉटर की पहली फ़िल्म 'हैरी पॉटर ऐंड द फ़िलॉसॉफ़र्स स्टोन' को आए दस साल बीत चुके हैं।

फ़िल्म के अभिनेता डैनियल रैडक्लिफ़, एमा वॉटसन और रूपर्ट ग्रिंट अब जाने-माने स्टार हो चुके हैं।

Posted By: Inextlive