- दिवंगत नेता की अंतिम यात्रा में उमड़ा हुजूम, हजारों लोग हुए शामिल

PITHORAGARH: उत्तराखंड के वित्त व संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत सैटरडे को पंचतत्व में विलीन हो गए. पंत को हजारों नम आंखों ने अंतिम विदाई दी. शवयात्रा में मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के अलावा हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए. रामेश्वर घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार हुआ. पुत्र सौरभ ने चिता को मुखाग्नि दी. इससे पूर्व देव सिंह मैदान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मानव संसाधन मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

चार दिन पहले अमेरिका में हुआ था निधन

चार दिन पूर्व इलाज के दौरान प्रकाश पंत का अमेरिका में निधन हो गया था. सैटरडे को उनका पार्थिव शरीर पिथौरागढ़ पहुंचा. पिथौरागढ़ पहुंचने पर देव सिंह मैदान में पार्थिव शरीर जनता के दर्शनों के लिए रखा गया. जहां पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मानव संसाधन मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे, सीएम त्रिवेंद्र रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट सहित भाजपा सहित अन्य दलों के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके बाद पार्थिव शरीर खड़कोट स्थित आवास पर ले जाया गया. जहां से निकली अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए. पिथौरागढ़ से 36 किमी दूर रामेश्वर घाट में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया.

Posted By: Ravi Pal