- प्रियंका गांधी के सोनभद्र कांड के पीडि़तों से मिलने की जिद पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह का हमला

- लाशों पर राजनीति करने का लगाया आरोप

LUCKNOW : 'सोनभद्र की घटना कांग्रेस के कुकर्मो का नतीजा है' यह कहना है भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का। वे शनिवार को बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सोनभद्र की दुखद घटना को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा पीडि़त परिवारों से सहानुभूति के नाम पर घडि़याली आंसू बहाने के साथ लाशों पर राजनीति कर रही हैं।

योगी सरकार ने की कार्रवाई

मीडिया से मुखातिब स्वतंत्र देव ने कहा कि सोनभद्र की घटना पर योगी सरकार ने त्वरित कार्यवाही की है। सभी मुजरिमों को जहां गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, वहीं घटना के लिए दोषी पाये गए अधिकारी भी निलंबित कर दिये गए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना कांग्रेस के कुकर्म के कारण हुई। कांग्रेस जब सत्ता में रही, भ्रष्टाचार और मौत पर नंगा नाच करती रही। इसी नीति के तहत प्रियंका वाड्रा सोनभद्र में धरने के नाम पर नाटक कर रही हैं। पीडि़त परिवारों से उनकी भेंट कराये जाने के बाद भी वह राजनीति कर रही हैं। उनका कृत्य गरीबों की पीड़ा पर राजनीतिक रोटियां सेंकने जैसा है। कांग्रेस इससे परहेज करे। दरअसल कांग्रेस चाहती है कि उप्र का माहौल किसी तरह बिगड़े। प्रियंका वाड्रा घडि़याली आंसू बहा रही है। दूसरों की जमीन पर कब्जा करना, सहानुभूति के नाम पर घडि़याली आंसू बहाना और लाशों पर राजनीति करना कांग्रेस की परंपरा रही है।

Posted By: Inextlive