गोलियां दागकर मनबढ़ बोले, हमसे बड़ा गुंडा कौन
- सोमवार दोपहर सिंहासनपुर मोहल्ले में हुई घटना
- जेल से छूटे बदमाश सहित कई अन्य की तलाश में पुलिसGORAKHPUR: शहर के भीतर 24 घंटे के भीतर दो जगहों पर फायरिंग से पब्लिक दहशत में रही। सोमवार दोपहर शाहपुर एरिया के बिछिया, सिंहासनपुर मोहल्ले में मनबढ़ों ने आधा दर्जन राउंड से अधिक गोलियां दागीं। मामूली विवाद में बदला नीयत से पहुंचे युवकों की हरकत से मोहल्ले में दहशत फैल गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को बताया कि गोलियां चलाने वाले युवक फायरिंग करते हुए बोल रहे थे कि हमसे बड़ा गुंडा कौन है। फिल्मी स्टाइल में सरेआम हुई फायरिंग और पुलिस को चुनौती देने के मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी चार माह पूर्व हत्या के आरोप में जमानत पर जेल से छूटा है। शाहपुर प्रभारी ने बताया कि फायरिंग करने वालों की तलाश में पुलिस टीम लगी है।
पिटाई की उलाहना पर बिफरे थे मनबढ़बिछिया, सिंहासनपुर मोहल्ला में राष्ट्रीय अपना दल के प्रदेश अध्यक्ष राम सेवक निषाद का मकान है। उनका बेटा राहुल आईटीआई चरगांवा में पढ़ता है। कुछ दिन पूर्व बिछिया गेट के पास मनबढ़ों ने राहुल पर हमला कर दिया था। गायत्री नगर में रहने वाले आरोपी के घर पहुंचकर छात्र के परिजनों ने उलाहना दी। यह बात आरोपी को नागवार गुजरी। सोमवार दोपहर करीब 15-20 की तादाद में युवक राम सेवक के घर पहुंचे। फिल्मी अंदाज में राहुल के परिवार के लोगों को अपशब्द कहते हुए ललकारने लगे। तभी बगल में रहने वाली एक महिला बाहर आ गई। महिला के बाहर आने पर उसे टारगेट करते हुए एक युवक ने गोली दाग दी। महिला भागकर कमरे में छिप गई।
दो खोखे मिले, फुटेज से खुली पोलमहिला के छिपने पर एक अन्य व्यक्ति पर मनबढ़ों ने गोली चला दी। जान बचाकर वह भाग निकला। कई राउंड फायरिंग होने पर मोहल्ले वाले एकजुट होने लगे तो मनबढ़ों ने धमकाना शुरू कर दिया। लोगों से कहा कि हमसे बड़ा गुंडा कौन है। हालांकि भीड़ बढ़ने पर मनबढ़ फरार हो गए। राहुल के परिवार के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। मौके पर पुलिस ने दो खोखा बरामद किया। एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने पर कुछ की पहचान हो गई। मनबढ़ों के साथ पहुंचा एक बदमाश चार माह पूर्व जेल से छूटा है। राहुल के पिता ने चार नामजद सहित 20 अज्ञात के खिलाफ पुलिस को सूचना दी।
वर्जन गोली दागने वाले बदमाशों की पहचान कर ली गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पांच-छह राउंड गोली चलने की बात सामने आई है। जल्द ही सभी आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा। - नवीन कुमार सिंह, प्रभारी थानेदार, शाहपुर