-कुछ ही दिनों में खुल गई थी पोल

-बनर्जी परिवार नहीं चाहता था राहुल के करीब रहे प्रत्युषा

-परिजनों का आरोप, अकाउंट से रुपए निकाल लेता था राहुल

JAMSHEDPUR: राहुल राज सिंह ने प्रत्युषा बनर्जी और उसके परिवार पर अपने पिता के तीन बार विधायक होने की बात कह धाक जमाई थी। यह बात सोनारी कागलनगर निवासी प्रत्युषा की चाची राजश्री मुखर्जी ने सोमवार को कही। उन्होंने बताया कि इस बात की जानकारी होने पर जब उनलोगों ने राहुल के पिता के बारे में उसके आस-पड़ोस से पता किया तो हर्षव‌र्द्धन सिंह (राहुल के पिता) के विधायक होने की बात पड़ोसी तक नहीं जानते थे। राहुल झूठ बोल रहा था।

पिता ने दी थी सलाह

राजश्री बनर्जी ने बताया कि प्रत्युषा की राहुल के साथ जैसे-जैसे नजदीकियां बढ़ रहीं थी, पिता शंकर बनर्जी ने बेटी को राहुल से दूर रहने की सलाह दी थी। यही नहीं शंकर ने तो प्रत्युषा से कहा था कि राहुल उसके लायक नहीं है। राहुल उसे सीढि़यों की तरह इस्तेमाल कर रहा है और धोखाबाजी कर रहा है लेकिन प्रत्युषा जज्बाती थी और दिल की सुनती थी। राहुल के आकर्षण से वह निकल ही नहीं पा रही थी। प्रत्युषा की चाची ने बताया कि जब वह राहुल के घर रांची गई थी तो उसने अपने माता-पिता को यह कहते हुए मुंबई आने से मना कर दिया था कि वह काम में व्यस्त रहेगी। इस कारण वे लोग अभी मुंबई नहीं आएं। तब प्रत्युषा के माता-पिता को मुंबई जाने का टिकट कैंसल करवाना पड़ा था।

प्रत्युषा निभा रही थी सच्चा प्यार

राजश्री ने बताया कि राहुल ने इस कदर प्रत्युषा को अपने चंगुल में फांस रखा था कि वह अपने माता-पिता सहित चाचा-चाची तक की बात को अनसुना कर देती थी। प्रत्युषा तो अपना सच्चा प्यार निभा रही थी लेकिन राहुल उसे धोखा दे रहा था। प्रत्युषा ने कम समय में इतनी ऊंचाई हासिल की। उसके सामने राहुल कुछ भी नहीं था। वह तो सिर्फ प्रत्युषा का इस्तेमाल कर रहा था।

एक करोड़ की पॉलिसी में जबरन बना नामिनी

प्रत्युषा के रिश्तेदार के मुताबिक, प्रत्युषा ने एक करोड़ की बीमा पॉलिसी कराई थी, जिसका प्रीमियम ख्7 हजार रुपए प्रति वर्ष देती थी। उस पालिसी में राहुल ने जबरन प्रत्युषा पर दबाव देकर खुद को नॉमिनी बनवाया।

निकाल लेता था रुपए

प्रत्युषा के रिश्तेदार ने बताया कि उसके आर्थिक रुप से तंगी की बात समझ से परे है, क्योंकि प्रत्युषा के अकाउंट में हमेशा रुपए रहते थे। पावर कपल में राहुल और प्रत्युषा ने हिस्सा लिया था, जिसमें उनलोगों को चार करोड़ रुपए मिले थे। दो करोड़ राहुल को और दो करोड़ प्रत्युषा को। प्रत्युषा के हिस्से में आये रुपये भी राहुल उसके एकाउंट से निकलवा लेता था।

दूसरी लड़की से था तनाव

राजश्री ने बताया कि पिछले कुछ माह से राहुल के साथ प्रत्युषा का झगड़ा होने लगा था। इसकी जानकारी वह अक्सर अपने माता-पिता को फोन कर देती थी। प्रत्युषा ने अपने माता-पिता को बताया था कि राहुल की जिंदगी में दूसरी लड़की भी है, जिसको लेकर वह तनाव में रहते लगी है। उस लड़की को लेकर भी झगड़े होते थे।

सीबीआइ जांच की मांग

राजश्री मुखर्जी के अनुसार प्रत्युषा मामले की सीबीआइ जांच होनी चाहिए, ताकि सच सामने आए। प्रत्युषा के माता-पिता क्रिया-कर्म के बाद इसकी मांग करेंगे। शंकर ने फोन कर यह जानकारी दी है। राजश्री ने बताया कि पूरा परिवार अभी सदमे से उबर नहीं पाया है। प्रत्युषा को इंसाफ मिलना चाहिए क्योंकि प्रत्युषा तो चली गई लेकिन दूसरी प्रत्युषा के साथ ऐसा नहीं हो। इसके लिए पुलिस को सच्चाई की तह तक जाना चाहिए। क्या सच में प्रत्युषा ने आत्महत्या ही की है। या फिर कुछ और ही मामला है?

जल्द लौटेंगे माता-पिता

प्रत्युषा के माता-पिता श्राद्ध आदि कर्म से निवृत्त होते ही शहर लौट आएंगे। प्रत्युषा की चाची राजश्री बनर्जी ने बताया कि राहुल को परिवार में कोई पसंद नहीं करता, लेकिन उनलोगों को यह नहीं पता था कि इसका अंजाम इस कदर उनलोगों के सामने आयेगा।

Posted By: Inextlive