PATNA (6 Feb) : सीमांचल एक्सप्रेस हादसे के बाद घायलों की संख्या में हेरफेर किया गया है। रेलवे ने ही तीन स्तर पर घायलों की संख्या को अलग-अलग बताया है। घटना के बाद अस्पताल में रेलवे द्वारा चस्पा की गई लिस्ट में 36 लोग घायल बताए गए थे। उसी दिन ईसीआर सीपीआरओ राजेश कुमार ने अपने बयान में 30 यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की थी। घटना के दूसरे दिन जारी की गई रेलवे की इंटर्नल रिपोर्ट में घायलों की संख्या महज 22 बताई गई है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने दो दिन तक इंवेस्टिगेशन किया तो चौंकाने वाला मामला सामने आया। मंगलवार तक सीपीआरओ ने अपने बयान में 30 घायल होने की बात कही। जब बुधवार को उन्हें 36 घायलों के रिकॉर्ड दिखाए गए तब उन्होंने अपना बयान बदल दिया। ऐसे में रेलवे सवालों के घेरे में है।

 

दूसरे दिन पटरी पर हुई जांच

घटना के बाद रेल मार्ग को शुरू कर दिया गया है लेकिन अभी जांच चल रही है। पूर्व मध्य रेल की प्रारंभिक रिपोर्ट में तो हादसे का कारण तो लकड़ी का गुटका ही बताया गया है लेकिन एक दिन पहले कोलकाता से संरक्षा आयुक्त पटना पहुंच गए हैं। वो इस मामले में जांच कर रहे हैं। पहले दिन उन्होंने 12 किलोमीटर तक ट्रैक का निरीक्षण किया।

 

1. अस्पताल में लगी लिस्ट

36 घायल 6 मौत

डीजे आई नेक्स्ट की टीम जब अस्पताल में घायल मरीजों की स्थिति देखने हाजीपुर अस्पताल पहुंची तो देखा कि जहां पर घायलों को भर्ती किया गया था। वहीं बाहर चार लिस्ट लगी थी। तीन लिस्ट में घायलों की सूची और एक में मौत की सूची लगी थी। दो लिस्ट में 28 घायलों की संख्या है। तीसरी लिस्ट में 8 घायलों की संख्या है। यानी कुल 36 लोग घायल हुए हैं।

 

2. सीपीआरओ बोले, 30 घायल

30 घायल 6 मौत

घटना के बाद दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने ईसीआर के सीपीआरओ राजेश कुमार से बात की गई तो उन्होंने 30 घायल और 6 मौत की पुष्टि की थी। घटना के तीसरे दिन फिर डीजे आई नेक्स्ट ने जब उनसे बात किया तो उन्होंने फिर से वही घायलों की संख्या 30 ही बताया। उनका कहना था कि 22 लोग पीएमसीएच में एडमिट थे। वहीं 8 लोगों को पटना रैफर किया गया था।

 

3. पूर्व मध्य रेल की रिपोर्ट

22 घायल 6 मौत

घटना के बाद पूर्व मध्य रेल ने घटना की प्रारंभिक जांच की। जांच में उन्होंने हादसे का कारण बताया। इसमें मौत की संख्या तो 6 है लेकिन घायलों की संख्या घटकर 22 हो गई है। इस दस्तावेज में टीआई एसएसई त्रिभुवन कुमार, अनिल कुमार एसएसई पी-वे, राजेंद्र प्रसाद एसएसई एसआईजी, प्रमोद कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारियों का हस्ताक्षर भी है।

 

सीपीआरओ राजेश कुमार से सीधी बात

सवाल : हादसे में कितने लोग घायल है?

जवाब : 30 लोग घायल हुए हैं और 6 लोगों की मौत हुई है।

सवाल : तीन स्तर पर घायलों की तीन संख्या क्यों ?

जवाब : देखिए, सदर अस्पताल में 28 लोग एडमिट थे। 8 लोग सहदेई बुजर्ग में थे। इस कारण अंतर हो गया।

सवाल : आपने घटना के दिन फिर 30 क्यों बताया ?

जवाब : वो प्रारंभिक रिपोर्ट थी। घटना के बाद सहदेई बुजुर्ग में जो एडमिट थे उसमें दो गंभीर को जोड़ने के बाद आंकड़ा 30 हो गया था।

सवाल : फिर पूर्व मध्य रेल की रिपोर्ट में 22 की संख्या क्यों?

जवाब : हादसे के तत्काल बाद वो इंटर्नल रिपोर्ट बनाई गई है। इस कारण उसमें संख्या में कमी है।

सवाल : आखिर हादसे में घायलों की संख्या क्या सही मानी जाए?

जवाब : हादसे में कुल 36 लोग घायल हुए हैं और 6 लोगों की मौत हुई है।

Posted By: Inextlive