- सुभाषनगर, नेकपुर, शांतिबिहार और वीर भट्टी के लोगों को सीधे पहुंचेगा फायदा

>BAREILLY:

सुभाष नगर पुलिया का दंश झेल रहे बरेलियंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। आरओबी बनाने की डीपीआर रेलवे ने तैयार कर दी है। रेलवे हेडक्वार्टर बड़ौदा हाउस से डीपीआर पर मुहर लगते ही इसे बनाए जाने का काम शुरू हो जाएगा।

1 किमी लंबा होगा आरओबी

आरओबी की डीपीआर बरेली जंक्शन के आईओडब्ल्यू चमन सिंह ने तैयार की है। उन्होंने बताया कि आरओबी की लम्बाई करीब 1 किलोमीटर होगी, जो कि सुभाषनगर थाने के पास से रेलवे स्कूल ग्राउंड तक बनेगा। आरओबी के निर्माण के लिए करीब 50 करोड़ रुपए का बजट बनाया गया है। आरओबी 8 पिलर पर बनाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पिलर की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।

बदायूं रोड से भी जोड़ने काम

शहर से सुभाष नगर होते हुए भारी वाहन बदायूं रोड पर भी निकल सकेंगे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वाहनों का आवागमन आसान हो सके इसके लिए आरओबी को बदायूं रोड से भी जोड़ने का प्लान हैं। बदायूं रोड चुंगी के सामने जो रेलवे और मिल की जमीन है उधर से भी सुभाष नगर को जोड़ने का काम होगा। ताकि, इमरजेंसी के दौरान फायर ब्रिगेड की गाडि़यां या एम्बुलेंस आसानी से सुभाषनगर में एंट्री कर सके। बता दें कि, फिलहाल, सुभाषनगर में बड़ी गाडि़यों के एंट्री करने का कोई रास्ता नहीं हैं।

2004 में हुआ था चाैड़ीकरण

बता दें कि वर्ष 2004 में रेलवे सुभाष नगर पुलिया का चौड़ीकरण करा चुका है। तब केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने सांसद निधि से 11 लाख और नगर निगम ने 10 लाख रुपये दिए थे। कुल 21 लाख रुपए लेकर उत्तर रेलवे ने खुद ही पुलिया का चौड़ीकरण और मरम्मत का कार्य कराया था, लेकिन समस्या का समाधान फिर भी नहीं हुआ।

जलभराव और जाम बना रहता है

असल में पुलिया के नीचे शहर के दो बड़े नाले बहते हैं। बारिश के दिनों में उनमें उफान से पुलिया जलमग्न हो जाती है, जिससे लोगों को काफी दिक्कत होती है। वहीं, जाम की समस्या अभी भी बरकरार है। बारिश के दिनों में लोगों को जान जोखिम में डालकर सुभाषनगर पुलिया पार करना पड़ता है। पानी के तेज बहाव के कारण काई बार गिर कर लोग चोटिल भी हो जाते हैं।

2 लाख आबादी को मिलेगी राहत

आरओबी के निर्माण से करीब 2 लाख लोगों को सीधे तौर पर फायदा पहुंचेगा। सुभाषनगर पुलिस से बदायूं रोड के बीच सुभाषनगर नेकपुर, शांतिविहार और वीर भट्टी समेत कई एरिया आते हैं। जहां पर करीब 2 लोग जीवन बसर करते हैं। जल भराव के कारण ही कई लोग सुभाषनगर छोड़ कर शहर के दूसरे एरिया में जाकर बस गए।

एक नजर अारओबी पर

- सुभाष नगर थाने के पास से रेलवे स्कूल ग्राउंड तक।

- 1 किलोमीटर होगी आरओबी की लम्बाई।

- 8 पीलर बनाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर बढ़ सकती है संख्या।

- 50 करोड़ रुपए आरओबी के निर्माण कार्य में आएंगे।

- बड़ौदा हाउस हेड क्वॉर्टर को भेजा गया डीपीआर।

आरओबी के लिए डीपीआर बनाकर भेज दिया गया है। उम्मीद है कि आरओबी निर्माण के लिए ही जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी।

चमन सिंह, आईओडब्ल्यू, बरेली जंक्शन

Posted By: Inextlive