सूबेदारगंज रेलवे क्वार्टर के बाहर अखबार पढ़ते समय मारी गयी गोली

PRAYAGRAJ: सूबेदारगंज में रेलवे क्वार्टर के बाहर शुक्रवार की सुबह रेलवेकर्मी प्रकाश कुमार (56) की गोली मार कर हत्या कर दी गई। सुबह सात बजे वह आवास के बाहर नीम की छांव में बैठा अखबार पढ़ रहा था। कालोनी के लोग गोली की आवाज सुनकर दौड़ पड़े। तब तक हमलावर भाग चुका था। जानकारी होते ही एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव फोर्स के साथ पहुंच गये। सीसीटीवी से इतना तो पुलिस को पता चल गया कि हत्यारा अकेले ही पैदल आया था। उसका चेहरा क्लीयर नहीं हो पाया। बेटे की तहरीर पर पुलिस हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन कर रही है।

बेटा निकल गया था काम पर

मृतक प्रकाश कुमार रेलवे में सफाईकर्मी के पद पर तैनात था। सूबेदारगंज रेलवे कालोनी में उसे कमरा एलॉट था। 2006 में उसकी पत्‍‌नी सरोज देवी की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई थी। सरोज के साथ रिश्ते से उसे तीन बेटियां मनीषा (30), बबिता (25), कविता (20) व एक बेटा राहुल (22) है। मनीषा व बबिता की शादी हो चुकी है। 2010 में प्रकाश ने बलुआघाट की अनुराधा से दूसरी शादी कर ली। रेलवे क्वार्टर में वह दूसरी पत्‍‌नी अनुराधा, बेटी कविता एवं बेटे राहुल के साथ रहता था। राहुल नगर निगम में ठेके पर सफाई का काम करता है। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे राहुल काम पर चला गया। सुबह सात बजे घटना हुई। कातिल कॉलोनी के पीछे की तरफ से अकेला पहुंचा था। उसकी चलायी गोली प्रकाश के कान के पीछे लगी। इससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। सुबह-सुबह कॉलोनी में गोली की आवाज सुन लोग दौड़ पड़े।

फुटेज में क्लीयर नहीं कातिल का चेहरा

पिता के मर्डर की खबर मिलते ही राहुल भी भागकर घर पहुंचा। प्रकाश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में प्रकाश के शरीर से एक गोली बाहर निकाली गई। यह गोली किसी बड़े हथियार यानी तमंचे की थी। पुलिस को स्पॉट के पास एक सीसीटीवी लगा मिला। इसकी फुटेज चेक की गयी तो यह तो दिख गया कि हत्या अकेले पहुंचा था और गोली मारकर पैदल ही भागा। लेकिन, उसका चेहरा स्पष्ट नहीं हो सका।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कातिल तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। परिवारवाले किसी से रंजिश न होना बता रहे हैं। कातिल को जल्द पकड़ लेने का प्रयास जारी है।

-बृजेश कुमार श्रीवास्तव,

एसपी सिटी प्रयागराज

Posted By: Inextlive