RANCHI: राजधानी रांची समेत राज्यभर के विभिन्न जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश की संभावना है। मौसम का मिजाज रविवार से ही बदलना शुरू हो गया है और आसमान में काले बादल छाए रहे। रांची स्थित भारतीय मौसम विभाग कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, ओडि़शा और मध्य प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक दबाव बढ़ने के कारण झारखंड पर इसका प्रभाव पड़ रहा है, जिससे यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि 4 चार मार्च को सूबे में बारिश हो सकती है। इस वजह से पूरे राज्य में बारिश देखने को मिलेगी। लोगों को दिन में ठंड का अहसास भी होगा।

गर्जन के साथ बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 4 और 5 मार्च को राज्य के कई इलाकों में गर्जन और वज्रपात को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है। हालांकि 6 मार्च से दक्षिणी झारखंड के अलावा पूरे राज्य में मौसम साफ होने के आसार हैं, लेकिन दक्षिणी झारखंड के कुछ जिलों में थोड़ी बारिश की संभावना बताई गई है।

इंडिया व ऑस्ट्रेलिया का मैच 8 को

रांची में 8 मार्च को भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया का एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच होने वाला है। ऐसे में मौसम का खराब होना राजधानी और पूरे राज्य के लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर सकता है। हालांकि मौसम विभाग की ओर से आठ मार्च को रांची का मौसम साफ रहने की संभावना जतायी गयी है। इसके पहले रांची में एक मैच बारिश के कारण पहले भी रद्द हो चुका है।

Posted By: Inextlive