JAMSHEDPUR: शुक्रवार की शाम को शहर में बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह पश्चिमी विक्षोभ के शहर में दस्तक देने का असर है। देर शाम तक जमशेदपुर और आसपास के इलाके में एक मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले शुक्रवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शहर का मौसम अगले 24 घंटे तक इसी प्रकार बना रहेगा। आने वाले 24 घंटे के दौरान आसमान में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इस दौरान करीब पांच से सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा भी चलती रहेगी।

मैक्सिमम टेंपरेचर 25.7 डिग्री

बदले मौसम से शुक्रवार को अधिकतम तापमान गुरुवार की तुलना में 7.3 डिग्री सेल्सियस घटकर 25.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान गुरुवार की तुलना में 1.7 डिग्री बढ़कर 17.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक छिटपुट व घने बादल छाए रहेंगे। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शहर का तापमान घटता-बढ़ता रहेगा। 13 फरवरी के बाद तापमान तेजी से बढ़ने लगेगा।

सड़कों पर दिखा बारिश का असर

शुक्रवार की शाम हुई बारिश के बाद लोग बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बाजार और सड़कों से लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और अन्य स्थानों पर गए। हालांकि बारिश अधिक देर तक नहीं हुई। बारिश छूटने के बाद फिर से सड़कों पर चहल-पहल शुरू हो गई।

पिछले साल भी फरवरी में हुई थी बारिश

शहर में पिछले साल भी फरवरी माह में बारिश हुई थी। दस फरवरी 2018 को 1.2 मिमी बारिश हुई थी, फरवरी माह में पिछले वर्ष कुल मिलाकर 1.8 मिमी बारिश हुई थी। इस साल फरवरी माह की पहली बारिश एक मिमी तक हुई है।

फिर बढ़ेगी ठंड

बादल छंटने के बाद शहर में एक बार फिर से ठंड अपना अहसास कराएगा। वैसे रविवार से मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक गिरेगा। इसके बाद तापमान सप्ताह के अंत तक 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।

Posted By: Inextlive