आशनाई के मामले में हो रही थी दो पक्षों में मारपीट

बीच बचाव करने पहुंचा था राजगीर, फायरिंग में एक महिला भी घायल

pratapgarh@inext.co.in

PRATAPGARH: रानीगंज थाना क्षेत्र के कशेरुआ गांव में रविवार की रात आशनाई के चक्कर में हो रही मारपीट में बीच बचाव करना राजगीर की जिंदगी पर भारी पड़ गया। दबंगों ने गोली मारकर राजगीर की हत्या कर दी। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। दबंगों की फायरिंग में एक महिला भी घायल हुई है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हत्याकांड की सूचना पर रानीगंज पुलिस के साथ एसपी, एएसपी, सीओ के अलावा फतनपुर पुलिस भी पहुंच गई। राजगीर की पत्‍‌नी की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।

प्रेम प्रपंच का मामला

रानीगंज थाना क्षेत्र के कशेरुआ गांव में एक युवती से कंधई थाना क्षेत्र के एक युवक का प्रेम प्रपंच है। इस बात से दोनों के परिजन खफा थे। मामले को लेकर दोनों पक्षों में कई बार कहासुनी भी हो चुकी है। रविवार को कंधई थाना क्षेत्र के सरबजीतपुर भैसौनी गांव निवासी रंजीत अपनी बहन अंजू पत्‍‌नी सुभाष के घर कशेरुआ पहुंचा। इस पर बहन के पड़ोस में रह रही युवती के भाइयों ने विरोध किया। इस पर मामला बढ़ गया। आरोपी युवक को युवती के भाइयों ने मारापीटा। मारपीट का मामला थाने पहुंचा। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की। आरोप है कि उसके बाद घर पहुंचने पर युवती के भाई अन्य साथियों के साथ सुभाष के घर पहुंचे और उसकी पत्‍‌नी अंजू को मारने पीटने लगे।

शोरगुल सुनकर पहुंचा

इसी बीच मामला बढ़ गया और शोरगुल सुनकर पड़ोस का संजय गौतम(30) पुत्र स्व। रामनारायण पहुंचा और बीच बचाव करने लगा। तभी आरोपियों ने गोली मार दी। हमलावरों ने अंजू पर भी फायर झोंक दिया। इससे गंभीर रूप से दोनों घायल हो गए। आनन फानन में दोनों घायलों को को सीएचसी रानीगंज ले जाया गया। वहां पर डाक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में राजगीर संजय गौतम की मौत हो गई। घायल अंजू को प्रतापगढ़ से इलाहाबाद रेफर कर दिया। सूचना पर रानीगंज पुलिस पहुंची और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। वहीं घटना की जानकारी पर एसपी एमपी वर्मा, एएसपी व सीओ डीएल सुधीर, एसओ फतनपुर मृत्युंजय मिश्र पहुंचे और घटना की जानकारी ली। देर रात तक एसपी व पुलिस टीम मौजूद रही। मृतक संजय के शव को पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं मृतक की पत्‍‌नी अनीता की तहरीर पर अशोक कुमार सहित तीन नामजद व अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।

Posted By: Inextlive