ALLAHABAD: बंजर जमीन पर गौशाला बनाने की मांग को लेकर एक युवक सोमवार की दोपहर नए यमुना पुल के पिलर पर चढ़ गया। देर शाम तक वह नीचे नहीं उतरा, जिसके कारण पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही फायर बिग्रेड के अधिकार हलकान रहे। पिलर से ही युवक ने मुख्यमंत्री के नाम इस संबंध में पत्र पुलिस दिया। जिसमें गौशाल निर्माण की मांग की।

मेजा थाना क्षेत्र के भारतगंज मौसरा का रहने वाला रजनीकांत पुत्र लक्ष्मीकांत सोमवार नए यमुना पुल पर चढ़ गया। युवक के चढ़ने की जानकारी होने पर नैनी पुलिस व फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम रात तक युवक को किसी तरह पुल से नीचे उतरवाने में जुटी रही लेकिन वह नीचे नहीं आया। मौके पर एसडीएम व सीओ करछना पहुंचे और उसे उतारने का प्रयास किया। युवक ने मुख्यमंत्री के संबोधित एक पत्र पुलिस को दिया। जिसमें उसने बताया है कि माण्डा के बंगलिया के पास बाबा पहाड़ी नाथ धाम है। इसके बगल बीस एकड बंजर भूमि है। जिसमें वह काफी समय से 150 गायों की सेवा किया करता है। बताया कि कुछ दबंगों द्वारा वहां थ्रेशर प्लांट लगा दिया था। वहां दबंगों द्वारा विस्फोटक का इस्तेमाल किया जाता रहा, इसकी वजह से कई गाय जख्मी भी हो चुकी थी। जब उसने इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। उसने मुख्यमंत्री से उक्त भूमि को खाली कराकर वहां गौशाला बनाने की मांग की है। एसपी यमुनापार दीपेन्द्र नाथ चौधरी का कहना है कि रजनीकांत दो दिन पूर्व मिलने गया था। मगर वह नही मिल पाया। वहां लौटने के बाद वह सोमवार को पुल पर चढ़ गया। उसकी सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही उसे नीचे उतरने के लिए मिन्नत की जा रही है।

Posted By: Inextlive