मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैजाबाद का नाम अयोध्या किए जाने की घोषणा के दौरान लोगों से आह्वान किया कि वे 'दीपोत्सव ' के आयोजन पर भगवान श्रीराम के नाम पर एक दीप अवश्य जलाएं।

lucknow@inext.co.in
LUCKNOW : इस 'दीपोत्सव' को भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ नतीजतन दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग सुक के साथ एक विशाल प्रतिनिधिमंडल 'दीपोत्सव' में शामिल हुआ। इससे 'दीपोत्सव' को अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिली है। हमारी संस्कृति 'अतिथि देवो भव' की रही है। दीपावली का आयोजन अयोध्या से ही जाना जाता है।अयोध्या को सात पुरियों के रूप में श्रद्धा और सम्मान की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।

राम के आगमन को महसूस किया
वहीं राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि 'दीपोत्सव' के इस वातावरण को देखकर त्रेता युग में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के दृश्य को महसूस किया जा सकता है। अयोध्या में तीन लाख से अधिक दीपों का प्रच्च्वलन सारी दुनिया में एक रिकॉर्ड है। इस आयोजन से अयोध्या को पूरी दुनिया में मान्यता मिलेगी। बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन ने कहा कि अयोध्या की धरती राम की धरती रही है। श्रीराम के आदर्शों पर चलने और इस दीपोत्सव कार्यक्रम में उनके समय के दृश्य को एक बार फिर से जीवंत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बधाई के पात्र हैं। दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग सुक ने कहा कि उन्हें दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या और भारत आकर प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को दीपावली की बधाई व शुभकामनाएं दीं। कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया के संबंध प्रेम और विश्वास के रहे हैं। भारत और दक्षिण कोरिया मिलकर विश्व में शान्ति और समृद्धि के सुखद भविष्य का निर्माण करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम एक खास आयोजन है। यह हमें अपने अतीत की याद दिलाता है।

पुष्पक विमान से आए राम-सीता
इससे पहले पुष्पक विमान से प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी के स्वरूपों का आगमन हुआ। जिनका मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथियों ने स्वागत व अभिनंदन किया। उनके मंच पर आने पर उनका राज्याभिषेक कर आरती, पूजन व अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा का नयनाभिराम दृश्य प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री एवं दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला ने नया घाट पर सरयू जी का पूजन एवं आरती की और सरयू में दीपदान किया।

तीन लाख दीपों से सजी अयोध्या, फिर बनाया बनाया विश्व रिकार्ड, दुनिया भर में हुई धमक

फैजाबाद का नाम हुआ 'अयोध्या', सीएम योगी का ऐलान, राजा दशरथ के नाम पर होगा मेडिकल कॉलेज

Posted By: Shweta Mishra