RANCHI: राजधानी में सफाई का काम संभाल रही एसेल इंफ्रा की आरएमएसडब्ल्यू कंपनी ने स्वच्छता सर्वे में सिटी का बंटाधार कर दिया है। वेस्ट कलेक्शन से लेकर डिस्पोजल की व्यवस्था करने में एजेंसी फेल रही। इससे शहर के पास ही कूड़े का पहाड़ खड़ा हो गया है। यही वजह है कि सर्वे में रांची के मा‌र्क्स काट लिए गए। स्थिति यह हो गई कि रांची की रैंकिंग सुधरने के बजाय नीचे चली गई। अब सवाल यह उठता है कि रांची नगर निगम शहर को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए एजेंसी पर कार्रवाई कब करेगा।

एक्शन नहीं, मनमानी पर उतरी एजेंसी

नगर विकास सचिव ने आरएमएसडब्ल्यू को हटाने को लेकर रांची नगर निगम को आदेश जारी कर दिया था। इसके बावजूद आजतक नगर निगम की ओर से एजेंसी को हटाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस वजह से आरएमएसडब्ल्यू भी अपनी मनमानी पर उतर आया है। वहीं जब मर्जी एजेंसी सिटी में सफाई का काम ठप कर देती है। जिसका खामियाजा सिटी के लोग भुगत रहे हैं। इतना होने के बाद भी नगर निगम के अधिकारी एजेंसी पर कार्रवाई करने को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं। ऐसे में सवाल यह उठता है कि बार-बार एक्सटेंशन देकर एजेंसी को कौन बचा रहा है?

सभी वार्ड कवर नहीं कर पाई एजेंसी

सिटी को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए आरएमएसडब्ल्यू ने सफाई का काम दो अक्टूबर 2016 को संभाला था। इसके बाद एजेंसी ने धीरे-धीरे वार्डो को कवर करना शुरू किया। आज एजेंसी सिटी के 33 वार्डो में सफाई का काम कर रही है। लेकिन एजेंसी सभी 53 वार्डो में सफाई की कमान नहीं संभाल पाई है। ऐसे में 20 वार्डो में नगर निगम खुद से कचरे का उठाव करा रहा है। वहीं डोर टू डोर भी रिक्शा और ट्रैक्टरों से वेस्ट कलेक्शन कराया जा रहा है।

अल्टीमेटम व आदेश के बाद भी नहीं हटी एजेंसी

-जुलाई 2017 में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने रांची नगर निगम में सफाई करने वाली एसेल इंफ्रा की आरएमएसडब्ल्यू को डिबार करने का आदेश दिया था।

-अक्टूबर 2017 में रांची नगर निगम ने आरएमएसडब्ल्यू को टर्मिनेशन लेटर जारी किया था। काम में सुधार लाने के लिए 90 दिनों की मोहलत दी गई।

-सितंबर 2018 में कचरा कलेक्ट करने के साथ डिस्पोजल नहीं करने पर एजेंसी को हटाने का विचार किया गया था। इसके बावजूद न एजेंसी हटी और न डिस्पोजल शुरू हुआ।

-नवंबर 2018 सफाई बेपटरी और आदेश की धज्जियां उड़ाने वाली एजेंसी को हटाने के खिलाफ पार्षदों ने आवाज उठाई। टर्मिनेशन नोटिस के बाद भी रांची नगर निगम ने दिखाई मेहरबानी।

वर्जन

हमारे शहर में कचरा निष्पादन का कार्य शुरू नहीं किया गया है। इस कारण हमें 300 प्वाइंट्स नहीं मिले। यही सबसे बड़ा कारण बना हमारी रैंकिंग में गिरावट का। स्वच्छ सिटी का अवार्ड हमें मिला है, जो हमारे लिए गर्व की बात है।

संजीव विजयवर्गीय, डिप्टी मेयर, रांची

Posted By: Inextlive