RANCHI : राजधानी की सफाई व्यवस्था सुधारने को लेकर रांची नगर निगम प्रयास कर रहा है। इसके लिए एजेंसी को कड़ा आदेश दिया गया है। वहीं नगर निगम अब सफाई के लिए टाटा एस खरीदने की तैयारी में भी है। इसकी खरीदारी नागरिक सुविधा मद की राशि से की जाएगी। इस पर रांची नगर निगम बोर्ड की मीटिंग में पार्षदों ने अपनी सहमति दे दी है। इसके बादगंदगी वाले इलाकों में सफाई कराने में मदद मिलेगी। बताते चलें कि 20 टाटा एस गाडि़यों की खरीदारी के लिए पहले ही सहमति मिल गई थी। लेकिन यह तय नहीं था कि गाडि़यों की खरीदारी किस मद से की जाएगी।

नागरिक सुविधा मद

विभाग की ओर से हर साल नगर निगम को नागरिक सुविधा मद में खर्च के लिए फंड भेजा जाता है। इस राशि का इस्तेमाल सिटी में व्यवस्था सुधारने और सड़कों का निर्माण कराने के लिए किया जाता है। ऐसे में चालू वित्तीय वर्ष में नागरिक सुविधा मद से 20 टाटा एस गाडि़यां खरीदी जाएंगी।

इमरजेंसी में होंगी इस्तेमाल

सफाई व्यवस्था में आरएमएसडब्ल्यू की गाडि़यां काम कर रही हैं। वहीं कुछ इलाकों में रांची नगर निगम अपनी गाडि़यों से भी सफाई कराता है। इसके अलावा कई अन्य गाडि़यां भाड़े पर लेकर भी सफाई कराई जा रही है। ऐसे में 20 नई गाडि़यों के आने से सफाई व्यवस्था सुधर जाएगी। इन गाडि़यों से इमरजेंसी में काम लिया जाएगा, ताकि शहर को साफ और स्वच्छ बनाया जा सके।

Posted By: Inextlive