RANCHI: राजधानी में सफाई करने वाली एजेंसी आरएमएसडब्ल्यू ने रांची नगर निगम को धोखा दिया। जिसका नतीजा यह हुआ कि रांची को स्वच्छता सर्वे में देशभर में 46वां रैंक मिला। अब नगर की सरकार संभालने वालों की नींद खुली है। इसके बाद आरएमएसडब्ल्यू को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्णय लिया गया है। वहीं सिटी की सफाई की कमान अब नगर निगम अपने हाथों में ले लेगा। इसे लेकर प्लानिंग शुरू कर दी गई है। वहीं एजेंसी से काम हैंडओवर लेने की कागजी प्रक्रिया भी तेज कर दी है। एक से दो हफ्ते में एजेंसी से काम वापस ले लिया जाएगा।

आरएमसी परिषद की बैठक में हंगामा

नगर निगम में शनिवार को जैसे ही परिषद की बैठक हुई तो पार्षदों ने सफाई को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। पार्षदों का कहना था कि एजेंसी की वजह से सिटी की हालत नर्क जैसी हो गई है। करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी सिटी को 46वां रैंक मिला है। इसके बाद भी एजेंसी पर मेहरबानी क्यों दिखाई जा रही है। इसके बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब पानी सिर के ऊपर से बह रहा है। ऐसे में एजेंसी को हटाना ही बेहतर होगा, जिस पर पार्षदों ने अपनी सहमति दे दी।

एजेंसी से 166 गाडि़यां वापस लेगा निगम

अपने हाथों में सफाई की कमान संभालने से पहले रांची नगर निगम के अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं। वार्ड और स्टाफ्स की संख्या को देखते हुए रोस्टर तैयार किया जा रहा है। वहीं एजेंसी से नगर निगम अपनी 166 गाडि़यां भी वापस ले लेगा। इससे शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा। इसके अलावा अन्य वार्डो की तरह ही नगर निगम सफाई कराएगा।

2395 करोड़ के बजट को पार्षदों की मंजूरी

कुछ दिनों पहले स्टैंडिंग कमिटी की बैठक में 2208 करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया था। जिसपर मेंबर्स ने मुहर लगा दी थी। इसके बाद सहमति के लिए नगर निगम परिषद की बैठक में लाया गया। जहां पार्षदों ने 2395 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दे दी। वहीं इसमें कुछ नए प्रस्तावों को भी जोड़ा गया है। इस वजह से बजट की राशि बढ़ गई है।

हर गली में होगा स्वीपर और ड्रेन कुली

सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए नगर खुद से शहर की सफाई करेगा। इसके लिए अब लोकल लेवल पर व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। इसके लिए हर गली मोहल्ले और वार्ड के लोगों को ही स्वीपर, ड्रेन की सफाई का काम दिया जाएगा। वहीं उनका कांटैक्ट नंबर भी निगम के पास होगा। जिससे कि तत्काल उनसे संपर्क कर सफाई कराई जा सकेगा। वहीं आसपास होने से उनके पास भी बहाना नहीं होगा।

बजट में मुख्य जोर

-डिजेबल्स के लिए अलग वेंडिंग मार्केट

-मुख्य सड़कों पर फुटओवर ब्रिज और अंडरपास

-पीने का पानी हर वार्ड में कराया जाएगा उपलब्ध

-पानी बचाने के लिए सभी वार्डो में रेन वाटर हार्वेस्टिंग

नगर निगम को होगी आय

अपने सोर्स से 151 करोड़

23 करोड़ सरकार से मदद

563 करोड़ स्टेट गवर्नमेंट का फंड

588 करोड़ सेंट्रल गवर्नमेंट का फंड

वर्जन

सफाई को लेकर काफी हंगामा हो चुका है। वहीं रैंकिंग में भी उनकी वजह से पिछड़े हैं। अब एजेंसी को हटाकर हम खुद से सफाई करेंगे। पहले की तरह ही घरों से कलेक्शन नगर निगम करेगा। वहीं कुछ चीजें प्लान होने के बाद धरातल पर नजर आएंगी। इंदौर ने किसी एजेंसी को सफाई का काम दिए बिना ही नंबर वन रैंक हासिल की है। हमारी भी कोशिश है कि उसी तर्ज पर रांची में व्यवस्था दुरुस्त हो। बजट में कई चीजें आई हैं। वेंडिंग मार्केट, डिजेबल्स के लिए अलग वेंडिंग जोन, ब्रिज और अंडर पास, स्कूल में पानी, लाइट और टॉयलेट की व्यवस्था भी निगम करेगा।

आशा लकड़ा, मेयर, रांची

Posted By: Inextlive