- सुबह-सुबह दरवाजे पर साउंड सिस्टम के आवाज से जग रहे हैं लोग

- देर रात तक वार्डो में घूम रही हैं गाडि़यां, परेशान हो रहे हैं पढ़ने वाले बच्चे

>ranchi@inext.co.in

RANCHI(4 April): रांची नगर निगम चुनाव का प्रचार इन दिनों जोर-शोर से चल रहा है। हर वार्ड में प्रत्याशी सुबह छह बजे से लेकर रात दस बजे तक प्रचार कर रहे हैं। लेकिन चुनाव प्रचार के साउंड बॉक्स और भोंपू से आम लोग परेशान हैं। घर के दरवाजे पर सुबह छह बजे से प्रचार के गाने बजने लगते हैं, उससे लोग सुबह-सुबह उठ जा रहे हैं, तो शाम में पढ़ने वाले बच्चे भी गाडि़यों के शोर और भोंपू से परेशान हैं। कई इलाकों में जहां अपार्टमेंट की संख्या अधिक है, वहां अपार्टमेंट के नीचे कई प्रत्याशियों के प्रचार वाहन सुबह-सुबह खड़े हो जाते हैं और प्रचार करते रहते हैं। साथ में जोर-जोर से गाना बजाते हैं। एक गाड़ी के जाने के बाद दूसरी गाड़ी आती है, दूसरी के बाद तीसरी आती है यह सिलसिला दिनभर चलता रहता है। इससे लोग परेशान हैं।

देर रात तक प्रचार का शोर

शहर के सभी वाडरें में सुबह छह बजे से लेकर रात के दस बजे तक प्रचार वाहन घूम रहे हैं। रात में जब शांति का समय होता है उस समय भी प्रचार वाहन से प्रत्याशी के पक्ष में जोर-जोर से गाने बजाए जाते हैं और उनके पक्ष में प्रचार किया जाता है। इसके अलावे पूरे दिन लोगों के पास प्रत्याशी और उनके समर्थक पहुंच रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों को हो रही है, अधिकतर प्रत्याशी वहां पहुंच रहे हैं।

सुबह-सुबह दरवाजे पर प्रत्याशी (बॉक्स)

लोग सुबह सोकर उठ रहे हैं उससे पहले ही प्रत्याशी उनके दरवाजे पर पहुंच रहे हैं और उनसे अपने पक्ष में वोट करने की अपील कर रहे हैं। एक प्रत्याशी जाने के बाद दूसरा प्रत्याशी भी वहां पहुंच रहा है और अपने पक्ष में वोट करने की अपील कर रहा है। साथ ही गाडि़यों का शोर और गाना भी लोगों के दरवाजे तक सुबह सुबह पहुंच रहा है।

एग्जाम की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स परेश्ान (बॉक्स)

इस चुनाव प्रचार प्रसार से सबसे अधिक परेशानी उन छात्रों को है, जो परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं.बहुत सारे छात्र सुबह उठकर पढ़ते हैं या स्कूल जाने की तैयारी करते हैं, उस समय गाडि़यों का शोर मचना शुरू हो जाता है जो देर रात तक जब वह पढ़ते हैं उस समय तक बजाया जाता है। पढाई करने वाले छात्रों की इस शोरगुल से परेशानी बढ़ गई है।

Posted By: Inextlive