RANCHI : देश के सबसे ज्यादा कंजस्टेड शहरों की लिस्ट में रांची 18वें नंबर पर है। इसका खुलासा नेशनल ब्यूरो ऑफ इकोनॉमिक रिसर्च (एनबीइआर) की रिपोर्ट में हुआ है। एक हफ्ते पहले जारी इस रिपोर्ट में देश के टॉप 20 कंजस्टेड शहरों की लिस्ट जारी की गई है, जिसमें बेंगलुरु देश में टॉप पर है। वहीं पटना शहर 11वें नंबर पर है। इस पर रांची में ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेवारी संभालने वाले अधिकारियों ने बताया कि शहर में ट्रैफि क व्यवस्था सुचारू रूप से करने के लिए काम किया जा रहा है।

फ्लाईओवर बनाए जा रहे

रांची ट्रैफिक एसपी संजय रंजन सिंह ने बताया कि रांची शहर में हर दिन गाडि़यों की संख्या बढ़ रही है, और जो सड़क पहले थी वह अभी हैं। इसके बावजूद ट्रैफि क व्यवस्था रांची में सुचारू रूप से चलाने के लिए कई काम किए जा रहे हैं। सभी ट्रैफिक पोस्ट पर पुलिस की नियुक्ति की गई है। कई ट्रैफि क स्पॉट चिन्हित कर डेवलप किए जा रहे हैं। फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जा रहा है, साथ ही जितने सिग्नल हैं, उनको भी ठीक किया जा रहा है।

भार को कम किया जा रहा है

जिला परिवहन पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि रांची शहर में ट्रैफिक लोड कम करने के लिए परिवहन विभाग ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहा है। शहर में सबसे अधिक ट्रैफिक ऑटो वालों के कारण होती है, इसलिए उनको परमिट नहीं दिया जा रहा है। समय-समय पर चेकिंग भी की जाती है। ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर हर महीने को-आर्डिनेशन की मीटिंग होती है, जिसमें तय किया जाता है कि कैसे शहर को व्यवस्थित किया जाए।

स्लो ट्रैफिक में भी रांची को 17वां स्थान

एनबीइआर की रिपोर्ट में सबसे स्लो ट्रैफिक वाले शहरों की लिस्ट भी जारी की गई है। इसमें कोलकाता सबसे स्लो ट्रैफिक वाला शहर है जबकि पटना छठे नंबर पर है। वही हमारी रांची इसमें भी 17वें पायदान पर है। ऐसे में हमारी सिटी के ट्रैफिक को स्मूद होने में कितना वक्त लगेगा यह बताना मुश्किल है।

Posted By: Inextlive