>Ranchi : रंजीत सिंह कोहली अपनी मां के साथ विदेश जाने की फिराक में था। इसी चक्कर में वह रांची से दिल्ली गया था। दिल्ली जाते ही उसने अपने एक परिचित की मदद से गुड़गांव स्थित एक ट्रैवल एजेंसी से संपर्क साधा। एक खबरिया वेबसाइट के मुताबिक, वह कनाडा या दुबई भागना चाह रहा था लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को इस बात की पहले से थी। इसलिए, पुलिस ने पासपोर्ट ऑफिस में आवेदन देकर उसका पासपोर्ट रद करने की अनुशंसा की थी। हालांकि पुलिस की जांच में यह पता चला है कि उसने पहले कभी विदेश की यात्रा नहीं की है।

विजिलेंस रजिस्ट्रार निलंबित

तारा प्रकरण में विजिलेंस रजिस्ट्रार मुश्ताक अहमद का नाम आने पर हाईकोर्ट ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनका इसी साल प्रमोशन होने वाला था। हाईकोर्ट ने माना कि अदालत पीडि़तों को बचाती है। दोषियों को सजा देती है। ऐसे में यदि न्यायिक पदाधिकारी ही दोषी के साथ मिल जाएं, तो न्यायिक प्रक्रिया की छवि धूमिल हाेती है।

वीडियो फुटेज से होगी काजी की पहचान

रंजीत ने कबूला है कि उसने तारा का निकाह पढ़वाया था। पुलिस उस काजी को खोज रही है, जिसने तारा शाहदेव का निकाह पढ़वाया था। रंजीत ने पुलिस को उस काजी का नाम बता दिया है लेकिन पुलिस फिलहाल यह नाम सार्वजनिक नहीं कर रही है। सूत्र बताते हैं कि निकाह की वीडियो रिकार्डिग करायी गई थी। पुलिस को उस दिन का वीडियो फुटेज भी मिला है। लिहाजा, वीडियो फुटेज देखकर पुलिस इसका पता लगाएगी।

रंजीत के चंगुल में फंस चुकी है एक अौर लड़की

रंजीत कोहली के चंगुल में एक और लड़की के फंसने और प्रताड़ना का दर्द झेलने का मामला सामने आ रहा है। पुलिस उस लड़की का पता लगा रही है।

पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, रंजीत ने तारा से पूर्व उस लड़की को अपनी शानो-शौकत दिखायी थी। लड़की इससे प्रभावित होकर उसकी बातों में आ गई। कुछ दिनों तक दोनों के बीच प्यार का सिलसिला चला। इसी दौरान लड़की ने रंजीत को किसी अन्य लड़की के साथ देख लिया, तो उसने उसके साथ ब्रेकअप कर लिया। ब्रेकअप करने के बाद भी रंजीत उस लड़की के पीछे लगा रहा, लेकिन लड़की ने किसी तरह उससे पीछा छुड़ा लिया। बताया जाता है कि वह लड़की रांची में रहकर पढ़ाई करती है और मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहनेवाली है। पुलिस उस प्रताडि़त लड़की को भी खोजने का प्रयास कर रही है।

Posted By: Inextlive