फिल्म सिंबा की शूटिंग के दौरान रणवीर सिंह को रोहित शेट्टी ने एक गाने को कोरियोग्राफी करने की जिम्मेदारी देे दी। पढ़ें रोहित ने ऐसा क्यों किया

 


 

मुंबई (ब्यूरो)। इस दौर में बॉलीवुड के सितारों में रणवीर सिंह जैसा फुर्तीला और जोश में भरा कोई दूसरा सितारा नहीं माना जाता। रणवीर सिंह की एनर्जी का एक नया अवतार उनकी आने वाली फिल्म 'सिंबा' में नजर आएगा। 'सिंबा' की यूनिट इन दिनों स्विट्जरलैंड के दौरे पर है, जहां रणवीर और फिल्म में उनके साथ लांच हो रहीं सारा अली खान पर गाने फिल्माए जाएंगे। गानों को फिल्माने के लिए कोरियोग्राफर तो हैं, लेकिन मिली जानकारी के अनुसार, रणवीर सिंह ने रिहर्सल के दौरान ऐसे स्टेप्स सिखाए कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। 

सारा को सिखाए डांस स्टेप्स 

फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी तो उनकी कला के इतने कायल हुए कि रणवीर को एक गाने के लिए कोरियोग्राफर ही बना दिया। इस गाने के लिए रणवीर ने सारा अली खान को भी स्टेप्स सिखा दिए। वैसे, रणवीर सिंह ने अपनी पहली फिल्म 'बैंड बाजा बरात' की शूटिंग के दौरान भी कोरियोग्राफी में अपना योगदान दिया था।

रामलीला में भी कर चुके हैं कोरियोग्राफी 

 इसके बाद भंसाली की तीनों फिल्मों '..रामलीला', 'बाजीराव मस्तानी' और 'पद्मावत' में भी रणवीर ने कोरियोग्राफी की। दीपिका पादुकोण भी उनके इस हुनर की तारीफ कर चुकी हैं। रणवीर का मानना है कि यह उनका शौक है और वे बेहतरी के लिए टिप्स देते हैं, लेकिन कोरियोग्राफर के काम में दखल नहीं करते। 

रणवीर की शादी की तैयारियां शुरू 

उधर रणवीर सिंह की मां अंजू भावनानी और उनकी बेटी व रणवीर की बहन रितिका को हाल ही में मुंबई के वर्ली इलाके में एक आभूषण प्रदर्शनी में देखा गया। वे यहां फैंसी ज्वेलरी लेने आई थीं। उन्होंने यहां हीरे के कुछ जेवरात देखे।सूत्रों के अनुसार, इन मां-बेटी द्वारा अपने बेटे की शादी के मद्देनजर यह खरीदारी शुरू की गई है और वह अपनी होने वाली बहू दीपिका पादुकोण के लिए गहनों की खरीदारी करने ही यहां आई थीं। इन दोनों कलाकारों की शादी अगले महीने होने की खबरें पिछले कुछ समय से बॉलीवुड जगत में तैर रही हैं। दीपिका की फिल्मों की बात करें तो वह पिछली बार संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' में नजर आई थीं और इसके बाद किसी फिल्म में उनका चेहरा नजर नहीं आया है। 


ये भी पढ़ें: 'हाउसफुल 4' में नाना की जगह लेने के लिए ये अभिनेता रेस में!


Posted By: Swati Pandey