असलहों के दम पर वारदात को दिया अंजाम, विरोध पर पति की पिटाई

पुलिस ने महिला की तहरीर पर दर्ज की आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट

ALLAHABAD: धूमनगंज थाना क्षेत्र के मुंडेरा इलाके में एक महिला के घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस दौरान विरोध कर रहे पति की जमकर पिटाई की गई। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

मुंडेरा फलमंडी के पीछे रहने वाले परिवार का मुख्य सदस्य मजदूरी करता है। परिवार में पत्‍‌नी के साथ बच्चे शामिल हैं। आरोप है कि छह दिन पहले मोहल्ले के कान्हा उसका भाई भुल्ला यादव व गुलशन समेत असलहे से लैस कई युवक पीडि़ता के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने महिला को बंधक बना लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसी बीच महिला का पति घर पहुंचा तो उसे भी बंधक बना लिया गया। उसने विरोध करना चाहा तो उसकी जमकर धुनाई की गई। हंगामा और शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो बदमाश परिवार वालों को धमकाते हुए फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद महिला शिकायत दर्ज कराने थाना पहुंची तो उसे भगा दिया गया। तब वह शिकायत लेकर एसपी क्राइम के यहां पहुंची। एसपी ने मामले का संज्ञान लिया तो थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

दोनों पक्षों में काफी समय से जमीन को लेकर विवाद है। घटना के बाद महिला ने थाने पर सूचना नहीं दी। इसलिए मामला संदिग्ध लग रहा है। एसपी क्राइम के आदेश पर एफआइआर दर्ज कर जांच की जा रही है।

नागेश सिंह, थानाध्यक्ष, धूमनगंज

बम्हरौली में दुष्कर्म का प्रयास

धूमनगंज थाना क्षेत्र के ही बम्हरौली इलाके में महिला की पिटाई और दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने पिंटू पुत्र राजकुमार के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। पिंटू अबूबकरपुर का निवासी है। पुलिस का कहना है कि जमीन के झगड़े में केस दर्ज कराया गया है। जांच की जा रही है।

Posted By: Inextlive