जेल में बंद जुल्फिकार उर्फ तोता बना रवि की हत्या की साजिश रचने का आरोपी सगे और चचेरे भाई ने चलायी गोलियां दो असलहों से मारी गयी गोली

I followup

 

allahabad@inext.co.in:  ALLAHABAD: पुलिस अफसरों और जेल प्रशासन की तमाम कोशिशें जेल में बंद अपराधियों के हौसले को पस्त नहीं कर पा रही हैं। इसका एक और उदाहरण सामने आया है गुरुवार को कसारी-मसारी में हुई रवि पासी की हत्या में। प्रथम दृष्टया जो तथ्य सामने आए हैं उसके मुताबिक जेल में बंद अपराधी ने हत्या की साजिश रची और उसके सगे व चचेरे भाई ने मिलकर इसे अंजाम तक पहुंचाया। रवि को मारने के लिए दो असलहों का इस्तेमाल किया गया था। इसकी पुष्टि शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हो गयी। उसके शरीर पर जख्म के कई निशान मिले हैं और कुछ गोलियां शरीर के आर-पार भी हो गयी थी। पुलिस ने प्राथमिकी में नामजद दोनो आरोपियों को पकड़ने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। इसके बाद भी शुक्रवार की देर रात तक दोनों में से कोई पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा था।

 

सर्विलांस बनेगा सहारा

मृतक रवि की पत्नी सीमा देवी ने आशंका जतायी थी कि तोता की गिरफ्तारी के बाद से उसके परिजन खार खाए बैठे हैं। उन्होंने ही पति की हत्या की है। इस मामले में दर्ज करायी गयी रिपोर्ट में जुल्फिकार उर्फ तोता के अलावा उसके सगे भाई सलमान और चचेरे भाई अल्ताफ को आरोपी बनाया गया है। जुल्फिकार के जेल में बंद होने के चलते पुलिस ने उसे हत्या का षड़यंत्र रचने का आरोपी बनाया है बाकी दोनो हत्या के आरोपी बने हैं। दोनों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए थाने की पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच, स्वॉट टीम को भी लगाया गया है। दोनों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए सर्विलांस का भी सहारा लिया जा रहा है। इसके बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं था कि सरेआम गोलियां चलाकर दोनों कहां चले गये।

 

रिश्तेदार-दोस्तों से पूछताछ

गुरुवार को दिन में ढाई बजे बेनीगंज मोहल्ले में रहने वाले रवि भारतीय की ताबड़तोड़ कई गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुक्रवार को सीओ सिविल लाइंस श्रीशचंद्र, इंस्पेक्टर धूमनगंज कमलेश कुमार के साथ पहले कसारी मसारी मोहल्ले में रहने वाले सलमान व अलताफ के घर पर दबिश देने पहुंचे। यहां पर पुलिस को महिला व बच्चों के अलावा कोई नहीं मिला। महिलाओं से लम्बी पूछताछ हुई और दोनों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया गया। इन पर दबाव बनाया गया कि वे दोनों को पकड़वाने में मदद करें। इसके बाद पुलिस मरियाडीह, चकिया, झलवा में रहने वाले उनके परिचित और दोस्तों के घर छापेमारी के लिए पहुंची। पुलिस उनके तीन साथियों व परिवार के चार सदस्यों को पकड़कर थाने ले आयी। जहां इन सभी से देर रात तक पुलिस पूछताछ करती रही। शाम को अभियुक्त के परिवार की कुछ महिलाओं से भी पूछताछ की गई। रात में भी क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम के साथ पुलिस ने अभियुक्तों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की लेकिन सफलता नहीं मिली।

 

परिजनों ने किया अंतिम संस्कार

शुक्रवार को मृतक के परिवार और सैकड़ों की संख्या में दोस्त यार पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद रहे। परिवार के लोगों के आंसू थम नहीं रहे थे। रवि की बॉडी का पोस्टमार्टम दो डाक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच किया। डॉक्टरों को रवि के शरीर में फंसी दो गोली मिली। सीने व सिर से मिली गोली 315 और 32 बोर की बताई गई है। इसके अलावा शरीर पर जख्म के आठ निशान मिले हैं। कई गालियां शरीर के आर-पार हो गई थीं। पुलिस को घटनास्थल से पांच खोखे मिले थे। पुलिस का मानना है कि दोनों अभियुक्तों ने फायरिंग की है, तभी अलग-अलग असलहे में प्रयोग होने वाली गोली निकली है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर चले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।

 

हत्यारोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया है। तीन में से एक आरोपी नैनी जेल में बंद है। जल्द ही दोनों को पकड़ लिया जाएगा।

श्रीश्चन्द्र, सीओ सिविल लाइंस

Posted By: Inextlive