-आदि गंगा गोमती के जल से हुआ मनकामेश्वर बाबा का अभिषेक

- बम बम भोले और हर हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय

LUCKNOW :

रिमझिम बौछारों के बीच सावन के पहले दिन शिवालयों मं भक्तों की भारी भीड़ दिखाई दी। भोले के जयकारों से पूरी राजधानी गूंजती रही। वहीं जगह-जगह सावन गीत भी गाए गए। मौसम सुहावना होने के चलते दोपहर में भी मंदिरों में भारी भीड़ बाबा के दर्शनों के लिए जुटी रही।

सवा लाख रुद्रों का अभिषेक

सावन के पहले दिन ऐशबाग रामलीला ग्राउंड में सपादलक्ष रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। जिसमें पं। शिव शंकर पांडेय, योगेश व्यास और गिरिजा शंकर के सानिध्य में सवा लाख रुद्रों का अभिषेक किया गया। अभिषेक के समय पूरा राम भवन भगवान शिव के जाप से गुंजायमान हो उठा।

25 चौकियों पर अभिषेक

अमरनाथ मिश्र और हरिश्चंद्र अग्रवाल के संयोजन में 25 चौकियों पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं ने परिवार के साथ शिव का अभिषेक किया। दो चौकियों पर आम श्रद्धालुओं ने अभिषेक किया। सवा सौ करोड़ देशवासियों और विश्व की शांति के लिए हुए सवा लाख रुद्रों का अभिषेक किया गया। अभिषेक करने वालों में आदित्य प्रकाश द्विवेदी, विनोद महेश्वरी, पवन मनोचा, शिव सेवा परिवार के सदस्य शामिल थे।

उमड़ा आस्था का सैलाब

डालीगंज स्थित मनकामेश्वर मंदिर में बारिश के बीच सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने जयकारों संग बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर में सुबह से ही आस्था का जनसैलाब उमड़ा। मनकामेश्वर मंदिर में महंत देव्या गिरि ने बताया कि भोर आरती के साथ ही कपाट खोल दिए गए। सुबह भगवान शिव का 101 लीटर दूध और आदि गंगा गोमती के जल से अभिषेक के साथ दर्शन का क्रम शुरू हुआ जो देर शाम तक चलता रहा।

शीशियों का वितरण

मनकामेश्वर मंदिर में मनीष गुप्ता के संयोजन में सुबह से शाम तक 60 हजार से अधिक शीशियों का वितरण किया गया। इसके साथ ही लोगों को पॉलीथिन का प्रयोग न करने का संदेश दिया गया। इसके अलावा सदर के द्वादश ज्योतिर्लिग मंदिर, राजेंद्र नगर स्थित महाकाल मंदिर,गोमतीनगर के देवघर द्वादश ज्योतिर्लिग मंदिर, चौक के रानी कटरा के छोटा व बड़ा शिवाला, आशियाना के सेक्टर-एच स्थित द्वादश ज्योतिर्लिग मंदिर, कोनेश्वर मंदिर, मां पूर्वी देवी एवं महाकालेश्वर मंदिर बाघंबरी शक्तिपीठ समेत राजधानी के सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।

Posted By: Inextlive