- मुख्यमंत्री ने आगरावासियों को लुभाने को की बड़ी घोषणा

- शहर को दिलाएंगे इंटरनेशनल सिटी का दर्जा: अखिलेश

आगरा। दो घंटे देरी से रविवार को सिटी में पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणाएं शुरू कीं, तो मायूस लोगों के चेहरे पर दोबारा रौनक लौट आई। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने चुनावी घोषणा-पत्र में आगरा पर विशेष फोकस करने का ऐलान किया। तय कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने 33 विकास कार्यो का लोकार्पण किया। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी पर भी बरसे।

पर्यावरण और पर्यटन होंगे बेहतर

मुख्यमंत्री रविवार को शाम पांच बजे ताजगंज स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता की नब्ज टटोलते हुए सीधे चुनावी घोषणा-पत्र में आगरा को फोकस किया। सीएम ने ऐलान किया कि सपा के घोषणा-पत्र में एक बिंदु ताजमहल के पास रिवरफ्रंट बनाना शामिल होगा। इससे पर्यटन और पर्यावरण दोनों बेहतर होंगे। वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने ताजनगरी को इंटरनेशनल स्तर पर दर्जा दिलाने का भी दम भरा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आई, तो आगरा को इंटरनेशनल सिटी के तौर पर प्रोजेक्ट करने का काम होगा।

दो हजार से तो बढ़ेगा भ्रष्टाचार

इन घोषणाओं के साथ मुख्यमंत्री ने नोटबंदी पर पीएम मोदी पर तंज कसे। उन्होंने कहा कि नोटबंदी बिना तैयारी के हुई है। इससे मजदूर, किसान परेशान हैं। इसका मतलब ये नहीं है कि सपा भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं है। दो हजार के नोट से भ्रष्टाचार ज्यादा बढ़ेगा। इस मौके पर उन्होंने इनर रिंग रोड, ग्रीन पथ सहित 33 योजनाओं का लोकार्पण किया। इस मौके पर मंत्री, विधायक, महापौर सहित सपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

साइकिल चलाकर शुरुआत

सीएम अखिलेश यादव खेरिया एयरपोर्ट से सीधे साइकिल पाथ-वे पहुंचे। ग्रीन पथ पर लगभग चार किलोमीटर साइकिल चलाई। वे साइकिल से ही सीधे मंच पर पहुंचे। सभी योजनाओं का लोकार्पण किया। बता दें, 207 किमी का ग्रीनपथ इटावा जंगल सफारी तक बनाया गया है। इससे 92 गांव जुड़े हैं।

सपने बांटने वाले हैं पीएम

सीएम ने प्रधानमंत्री के कुछ दिन पहले सिटी में दौरे की याद दिलाकर उन्हें सपने बांटने वाला बताया। उन्होंने कहा कि पीएम कुछ दिन पहले यहां आए थे। उन्होंने पहले घोषणाएं भी की थी, जो सपनों में ही मिली हैं। सपा ने जो-जो वादे किए थे। वे सभी पूरे किए। वह चाहे फिर आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस वे, इनररिंग रोड या ग्रीन पथ हो।

बसपा सुप्रीमो पर भी बोला हमला

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बसपा सुप्रीमो पर भी निशाना साधा। कहा कि बुआ भी ताज किनारे कुछ विकास कार्य कराना चाहती थीं। गौरतलब है कि उनका निशाना ताज कॉरीडोर की ओर था, जिसमें धांधली के आरोप लगे हुए थे। समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश में सिर्फ पत्थर लगाने का काम नहीं किया है। सही मायने में विकास कार्य कराया है।

Posted By: Inextlive