RANCHI: एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने कार्रवाई करते हुए नगर निगम के टैक्स कलेक्टर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की मुहिम लगातार जारी है। उनकी इस मुहिम में कोई भी भ्रष्टाचारी नहीं बच रहा है। एसीबी इन लोगों को लगातार उनकी असली जगह सलाखों के पीछे भेज रहा है। एकबार फिर एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने रांची नगर निगम में कार्यरत टैक्स कलेक्टर सुनील कुमार सिन्हा को गिरफ्तार किया है। उसे 4500 रुपए घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

एसीबी को मिली थी सूचना

मिली जानकारी के अनुसार, नगर निगम में कार्यरत टैक्स कलेक्टर सुनील कुमार ने मिडिल चुटिया निवासी सचिन कुमार से होल्डिंग नंबर आवंटन करने के बदले पैसे की डिमांड की थी। सचिन कुमार ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी। इसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही सचिन कुमार ने सुनील कुमार को घूस के रूप में 4500 रुपए दे रहे थे, पास में तैनात टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सस्पेंड हुआ था सुनील कुमार

टैक्स कलेक्टर सुनील कुमार छह महीने पहले भी होल्डिंग टैक्स के एवज में घूस मांगने के कारण सस्पेंड हो चुका है। उस समय किसी ने सुनील कुमार द्वारा होल्डिंग टैक्स के लिए रुपए मांगने की शिकायत नगर विकास मंत्री सीपी सिंह के पास की थी। नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने उसे काफी फटकार लगाई थी। इसके बाद सुनील कुमार को सस्पेंड किया गया था। 15 दिन पहले ही नगर निगम में उसने अपना योगदान दिया था।

वर्जन

नगर निगम की बैठक में हमेशा यह मुद्दा उठता रहा है। कोई भी व्यक्ति अगर घूस लेता है तो उसकी जगह जेल में होनी चाहिए।

संजीव विजयवर्गीय, डिप्टीमेयर, रांची

Posted By: Inextlive