- दो दर्जन से अधिक पैसेंजर्स घायल, तीन फीट ऊंची सड़क होने के कारण हुआ हादसा

- लोकल पब्लिक ने तीन घंटे तक लगाया जाम, छपरा-पटना मुख्यमार्ग पर लगी गाडि़यों की कतार

PATNA: जमशेदपुर से सिवान जा रही सिंह ट्रेवल्स की बस मंडे को सुबह लगभग पांच बजे दिघवारा थाना क्षेत्र के उन्हचक गांव के समीप पलट गयी। इस हादसे में बस ड्राइवर सहित दो पैसेंजर्स की मौत हो गयी, जबकि दो दर्जन से अधिक इंजर्ड हो गए। बस पलटने के कारण आक्रोशित लोगों ने छपरा-पटना मुख्यमार्ग को उन्हचक गांव के समीप तीन घंटे तक जाम रखा। लगभग आठ बजे इस मार्ग पर आवागमन सुचारू हो सका। इंफॉर्मेशन के अनुसार सिंह ट्रेवल्स की बस जैसे ही उन्हचक गांव के समीप सुबह लगभग पांच बजे पहुंची वैसे ही सड़क किनारे तीन फीट गड्ढा होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गयी।

हॉस्पीटल ले जाते समय एक की मौत

इस दुर्घटना में बस ड्राइवर मधुबनी जिले के खिरहर गांव के कसेरा टोला निवासी हरिवंश शर्मा के पुत्र दारोगा राउत की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में गोपालगंज जिले के मुकेरी टोला निवासी मनोज गुप्ता की स्थिति नाजुक देख दिघवारा थानाध्यक्ष विनय कुमार उन्हें सोनपुर पीएचसी ले गए, लेकिन डॉक्टर्स ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया। पीएमसीएच ले जाते वक्त रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी। बताया जाता है कि इस दुर्घटना के मनोज के परिवार के दस लोग घायल हुए हैं। मनोज अपनी साली की शादी में शरीक होने के लिए पूरे परिवार के साथ गोविंदपुर गये थे। इस दुर्घटना में मनोज की मां केवला देवी, उनकी पत्नी डिंपल देवी, मदन साह, तारामती देवी, पूनम देवी, ब्यूटी, खुशी, मनीष, मंजोगा देवी आदि भी घायल हो गयी हैं।

तीन फीट ऊंची सड़क बन रही प्रॉब्लम

लोकल लोगों ने इस दुर्घटना के विरोध में उन्हचक गांव के समीप छपरा-पटना मार्ग को तीन घंटे तक जाम कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांव के समीप सड़क तीन फीट उंची है और किसी भी वाहन का चक्का सड़क से उतरते ही दुर्घटना हो जा रही है। कई बार सड़क के दोनों ओर मिट्टी भराई के लिए अधिकारियों से गुहार लगायी गयी, पर अब तक सड़क के दानों ओर मिट्टी भराई नहीं की गयी है। अगर मिट्टी भराई कर दी जाती तो शायद यह भी बस दुर्घटना नहीं होती। बाद में स्थानीय थानाध्यक्ष विनय कुमार व व नयागांव थानाध्यक्ष अनुज कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाया। लोगों ने कहा कि अगर सड़क के दोनों किनारे मिट्टी भराई नहीं की गयी, तो अनिश्चित काल के लिए सड़क जाम किया जायेगा और इसकी पूरी जवाबदेही लोकल एडमिनिस्ट्रेशन की होगी।

Posted By: Inextlive