झूंसी में बच्चे को गन प्वाइंट पर रख शिक्षक के घर डकैतों का ताण्डव

आधी रात को पहुंचे थे नकाबपोश बदमाश, ज्वैलरी व कैश लूट ले गए

लौटते समय परिवार को कमरे में किया बंद, सूचना पर पहुंची पुलिस

JHUNSI (26 Feb, JNN): झूंसी थाना क्षेत्र की गायत्री नगर कालोनी में गुरुवार की आधी रात असलहे से लैस नकाबपोश डकैतों ने शिक्षक के घर धावा बोल दिया। बच्चे को गन प्वाइंट पर रख बदमाशों ने शिक्षक के घर में बीस मिनट तक ताण्डव करते हुए चार लाख कैश व 20 लाख की ज्वैलरी लूट लिया। इसके बाद परिवार वालों को एक कमरे में बंदकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। डकैतों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कांबिंग की लेकिन सफलता नहीं मिली।

मऊ के मूल निवासी

मऊ जनपद के मूल निवासी कन्हैया सिंह झारखंड के गोड्डा जिले के खरखुदिया इंटर कालेज में अध्यापक हैं। दो साल पहले उन्होंने नगर पंचायत झूंसी के वार्ड संख्या दस के गायत्री नगर मोहल्ले में मकान बनवाया था। यहां शिक्षक का इकलौता बेटा सुभाष आनन्द, पत्‍‌नी सरोज सिंह, बेटी श्वेता, भतीजी कंचन व उसका एक सात साल का बेटा आदित्य रह रहे हैं। गुरुवार की रात सभी खाना खाकर सो रहे थे।

छत के रास्ते पहुंचे डकैत

आधी रात को करीब पांच की संख्या में नकाबपोश डकैत छत के सहारे घर में घुस गए। नीचे के मुख्य द्वार पर दस्तक दी तो सरोज सिंह ने भतीजे राजेश का नाम लेते हुए दरवाजा खोल दिया। राजेश मऊ से झूंसी आने वाला था। सरोज ने जैसे ही दरवाजा खोला डकैत उसे धक्का देते हुए भीतर घुस आए। उसे तमंचा सटाकर अन्य लोगों के बारे में पूछा। सभी को कमरे से बाहर निकाल कर तीन लोगों ने उन्हें तमंचे से कवर कर लिया।

बच्चे को सटाया तमंचा

एक डकैत ने बच्चे आदित्य की कनपटी पर तमंचा सटाकर उन्हें शांत रहने को कहा। इसके बाद सरोज से गहने व रुपये के बारे में पूछा। मारे भय के सरोज ने डकैत को आलमारी की चाबी दे दी। इसके बाद डकैतो ने आलमारी से बीस लाख के गहने व लगभग चार लाख कैश निकाला और पूरे परिवार को एक कमरे में बंदकर छत के रास्ते भाग निकले। जाते समय पांचों के मोबाइल भी उठा ले गए, ताकि किसी को फोन न कर सकें। डकैतों के जाने के बाद परिवारवालों ने चोर-चोर का शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

Posted By: Inextlive