RANCHI : रांची शहर में ऐसा कोई भी रोड नहीं है, जहां लोगों ने एन्क्रोचमेंट नहीं कर रखा है। मेन रोड से लेकर रातू रोड, सर्कुलर रोड, कचहरी रोड समेत कई रोड्स हैं, जहां दुकान लगानेवाले लोगों ने एन्क्रोचमेंट कर रखा है। रांची का यह हाल तो बहुत पुराना है, लेकिन अब चौक-चौराहों पर लगाए गए बाहर से आनेवाले नए लोगों को रूट बतानेवाले बोर्ड को भी लोगों ने एन्क्रोचमेंट के आंचल से ढंक दिया है।

साइन बो‌र्ड्स को निगल जाती हैं दुकानें

कांटाटोली चौक, लालपुर चौक, अल्बर्ट एक्का चौक समेत शहर में कई ऐसे चौक-चौराहे हैं, जहां पर रूट चार्ट वाले बोर्ड लगाए तो गए हैं, मगर वे दिखाई नहीं देते हैं। बाहर से रांची आनेवाले लोगों को अगर रांची शहर में कहीं जाना है, तो उनके लिए साइन बोर्ड कहीं दिखाई नहीं देता है, जिससे उन्हें कन्फ्यूजन होता है। इसकी वजह है शहर के चौक-चौराहों पर लगाए गए इन साइन बो‌र्ड्स का एन्क्रोचमेंट का शिकार हो जाना। ज्यादातर जगहों पर लगाए गए इन साइन बो‌र्ड्स के पास दुकानें लगा दी जाती हैं और इन दुकानों से ये साइन बो‌र्ड्स ढंक जाते हैं, जिससे ये आसानी से नजर नहीं आते हैं। इसके अलावा कुछ जगहों पर साइन बोर्ड इस तरह से लगाए गए हैं कि उन पर लोगों का ध्यान ही नहीं जा पाता है।

कांटाटोली चौक

शहर का सबसे बिजी चौक है कांटाटोली चौक। इस चौक पर जमशेदपुर और हजारीबाग की तरफ से लोग रांची आते हैं। कांटा टोली चौक पर एक साइन बोर्ड लगाया गया है, लेकिन इसकी हालत ऐसी हो गई है कि इसे देखकर बाहर से आनवाले लोगों को कुछ भी समझ नहीं आएगा। यह साइन बोर्ड उल्टी तरफ लगाया गया है। अगर कोई जमशेदपुर की तरफ से आ रहा है और उसे रांची रेलवे स्टेशन जाना है, तो उसे बोर्ड नहीं दिखाई देगा।

लालपुर चौक

लालपुर चौक भी शहर का बिजी चौराहा है। इस चौक पर लगे साइन बोर्ड पर भी बाहर से आनेवाले लोगों का ध्यान कम ही जाता है। उदय मिष्ठान भंडार के पास लगा हुआ यह साइन बोर्ड लोगों की नजरों से ओझल हो जाता है। इस पर आसानी से लोगों की नजरें नहीं जा पाती हैं।

अल्बर्ट एक्का चौक

रांची शहर में सबसे ज्यादा भीड़ मेन रोड में होती है। यहां अल्बर्ट एक्का चौक पर एक साइन बोर्ड लगा हुआ है, लेकिन इस साइन बोर्ड पर कपड़े की दुकान का कब्जा हो गया है। बाहर से आनेवाले लोगों को यह साइन बोर्ड दिखाई नहीं देता है।

Posted By: Inextlive