हिस्ट्रीशीटर शानू बादशाह के कत्ल के पीछे मुखबिरी की वजह सामने आ रही है। सबलू जुए की फड़ चलाता है। जिसमें कुछ दिनों पहले पुलिस ने छापा मारा था। सबलू को शानू पर शक था। जिसके चलते उसने कालू कार्लोस, सबलू का ड्राइवर शानू कंटर और शानू ईगल समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर उसको गोलियों से छलनी कर दिया।

शानू बादशाह की पहले कालू कार्लोस और एजाजुद्दीन सिद्दीकी उर्फ सबलू से दोस्ती थी। कुछ साल पहले कालू कार्लोस ने सबलू और शानू बादशाह के साथ किदवईनगर में एडवोकेट योगेन्द्र का मर्डर किया था। इसमें इजरायल आटा वाला का नाम भी सामने आया था। इस कत्ल की सुपारी जेल से आदिल ने दी थी। इसमें सबलू ने पुलिस महकमे में अच्छी पैठ के चलते अपना नाम हटवा लिया था। शानू ने सबलू से बेल कराने के लिए कहा था, लेकिन उसने बेल नहीं कराई।

छह महीने पहले मस्जिद में हुआ था समझौता

परिजनों के मुताबिक कालू कार्लोस ने करीब छह महीने पर शानू बादशाह पर हमला करने की कोशिश की थी। उस समय इलाकाई लोगों ने उसको पकड़ लिया था।

टारगेट था शाहिद, पर शानू मारा गया

जेल से छूटने के बाद शानू ने सबलू और कालू कार्लोस से मिलना-जुलना बन्द कर दिया। उसने शाहिद और कालू के दुश्मन शाहिद पिच्चा से हाथ मिला लिया और अपना गैंग बना लिया। इसको लेकर सबलू और कालू उससे रंजिश मानने लगे थे। सबलू और कालू कार्लोस का टारगेट शाहिद पिच्चा था। वे जानते थे कि शाहिद के मर्डर से शानू अकेला हो जाएगा। इसलिए वो शाहिद का मर्डर कर एक तीर से दो शिकार करना चाहते थे। शाहिद पिछले दिनों ही जेल से छूटा है।

सबलू पर है पुलिस और सपा नेता का हाथ

सबलू की पुलिस और राजनीति गलियारों में अच्छी पैठ है। वो सपा के एक पूर्व नगर अध्यक्ष के साथ मिलकर विवादित प्रापर्टी का काम कर रहा था। सपा नेता पूर्व मंत्री के करीबी है। सपा नेता विवादित प्रापर्टी खरीदते है। जिसे सबलू और कालू कार्लोस खाली करवाता है। इसके साथ ही सबलू के एक तेज तर्रार दरोगा से भी करीबी संबंध है। यह अभी तक एक थाने का चार्ज संभाल रहे थे, लेकिन नए कप्तान के आने के बाद उन्हें क्राइम ब्रांच भेज दिया गया। इसके अलावा सबलू पर एक क्राइम ब्रांच के सिपाही का भी हाथ है।

हत्यारों से बात हुई थी

रविवार को जिस वक्त हत्या के पहले सबलू और कार्लोस ने शानू बादशाह को रोका था, उस समय शानू उनसे गिड़गिड़ा कर कहने लगा कि मैं बाप बनने वाला हूं, मुझे अपने बेटे का चेहरा देखना है। इस गिड़गिड़ाहट का हत्यारों पर कोई असर नहीं हुआ और उन्होंने ताबड़तोड़ फायर झोंक कर शानू का काम तमाम कर दिया।

Posted By: Inextlive