-आन्दोलन के माध्यम से पुलिस को जगाने का काम कर रही भाजपा

-पुलिस अफसरों पर लगाया दलाली का आरोप, ईमानदारी की नसीहत

Meerut: यूपी में पूरी तरह से जंगलराज कायम है। लॉ एंड आर्डर नाम की कोई चीज प्रदेश में नहीं बची है। जिससे त्रस्त होकर अब बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ही थानेदारों से हिसाब मांगने की कमान संभाल ली है.उत्तर प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा का 15 दिवसीय थानों का घेराव प्रदर्शन चल रहा है। ये बात भाजपा सांसद सत्यपाल सिंह ने होटल क्रिस्टल पैलेस में शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान कही।

पुलिस सो रही कुंभकर्णी नींद

उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडाराज कायम हो चुका है। पुलिस कुंभकर्णी नींद सो रही है और बदमाश मस्त होकर अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। भाजपाई थानों का घेराव कर पुलिस को नींद से जगाने का काम कर रहे हैं ताकि बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके। भाजपा हमेशा से मजलूमों की आवाज बनकर उनके साथ खड़ी रही है।

चल रहा थानों का घेराव

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में जनता की रक्षक पुलिस की थानों में पिटाई की जा रही है और वह अपना केस तक दर्ज नहीं कर पा रही है। कहा कि जब रक्षक ही सुरक्षित नहीं तो जनता क्या सुरक्षित रहेगी। कहा कि नेताओं के इशारे पर बेगुनाह लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। महिलाएं घरों से निकलने से घबरा रही हैं कि कहीं कोई लूटपाट या अन्य कोई घटना न घटित हो जाए। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े किए।

थानों में हो रही दलाली

उन्होंने आरोप लगाया कि थानों में जमकर दलाली की जा रही है, जिसके चलते पुलिस बदमाशों पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है। कहा कि भाजपा सर्वसमाज की पार्टी है और अन्याय के खिलाफ खड़ा होने का दम रखती है। इस बार जनता बीजेपी को निहार रही है। आने वाले चुनाव में जनता के सामने बीजेपी के अलावा कोई और विकल्प ही नहीं है।

Posted By: Inextlive