- यूसर्क और सामाजिक संगठन 'पहल' के संयुक्त प्रयास से हुआ उद्घाटन

DEHRADUN: उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान केन्द्र-यूसर्क देहरादून के सहयोग से समाज वैज्ञानिक संगठन- 'पहल' द्वारा उत्तराखंड के प्रथम विज्ञान संचार केन्द्र का उद्घाटन पिथौरागढ़ में हुआ। यूसर्क वैज्ञानिक डॉ। ओपी नौटियाल और पहल संस्था की अध्यक्ष कमला पंत ने बताया गया कि विज्ञान संचार केन्द्र का उद्घाटन प्रख्यात टैरिडॉलॉजिस्ट, पूर्व प्राचार्य डॉ। नीलाम्बर पुनेठा और रक्षा जैव उर्जा शोध संस्थान, डिबेर पिथौरागढ़ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ। हेमन्त पाण्डे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

विज्ञान पुस्तकालय की स्थापना

यूसर्क निदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत ने केन्द्र के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस विज्ञान शिक्षा केन्द्र में विज्ञान पुस्तकालय की स्थापना की गई है। भविष्य में हमारी योजना है कि हम इसको एडयूसैट व अन्य नेटवर्क और कार्यक्रमों से जोड़कर वृहद रूप में इसका संचालन जनमानस के हित में करें। हमारी कोशिश होगी कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़ी जानकारियां प्राप्त करने के लिए यह केन्द्र एक संसाधन केन्द्र के रूप में विकसित हो। समारोह में विज्ञान संचार केन्द्र के निदेशक डॉ। अशोक पन्त ने सर सीवी रमन के उल्लेखनीय योगदान और विज्ञान संचार केन्द्र की अवधारणा के बारे में बताते हुए कहा कि यूसर्क के तत्वावधान में कैसे पिथौरागढ़ जनपद में स्थापित विज्ञान संचार केन्द्र स्टूडेंट्स और आम जनमानस के लिए एक विज्ञान के रेफरेंस के रूप में काम करेगा। यह केन्द्र विज्ञान शिक्षा के लोकव्यापीकरण, विज्ञान शोध, वैज्ञानिक सूचनाओं को सुलभ कराने, समय-समय पर सेमिनार, सिम्पोजिया, वैज्ञानिक गतिविधियों के आयोजन में भी मुख्य भूमिका निभाएगा। विज्ञान संचार केन्द्र के समन्वयक डॉ। ओपी नौटियाल ने बताया कि विज्ञान संचार केन्द्र की स्थापना एक दूर दृष्टि युक्त प्रयास है। इस अवसर पर निबन्ध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

Posted By: Inextlive