-अहम सवाल जब इतना रुपया था तो फिर जर्जर मकान ठिकाना क्यों

-डायरियों में यात्रा से लेकर एक-एक रुपए के खर्च हिसाब

BAREILLY: महिला एडवोकेट सीमा शर्मा की हत्या का खुलासा भले हो गया हो लेकिन सीमा की मौत के साथ ही कई अहम राज सामने आने अभी भी बाकी हैं। सबसे अहम राज कि जब सीमा करोड़ पति थीं और रोजाना उनके पास हजारों रुपए पहुंचते थे तो वह इतने जर्जर मकान में क्यों रहती थीं। वैसे तो सीमा ने अपने लेनदेन का पूरा हिसाब डायरियों में लिखा था। पुलिस ने दो डायरियां हत्यारोपियों के पास से जब्त की हैं। पुलिस को सीमा की डायरी से ही अहम क्लू मिला था, जिसके जरिए वह हत्यारोपियों तक पहुंच सकी थी।

आखिर किसके पास हैं 42 लाख

सीमा के हत्यारोपियों के कबूलनामे और डायरी के हिसाब से हत्यारोपी वेदप्रकाश को सीमा ने 70 लाख रुपए दिए थे, लेकिन इन्हीं डायरियों के मुताबिक एक शख्स को सीमा ने 42 लाख रुपए दिए हैं। जिसका पूरा हिसाब लिखा हुआ है। पुलिस ने उसका नाम ले लिया है और जल्द ही इसे विवेचना में शामिल किया जाएगा।

जूस से लेकर खाने तक का रिकॉर्ड

पुलिस की मानें तो सीमा की डायरी में यात्रा से लेकर खाने और जूस पीने तक का पूरा रिकॉर्ड दर्ज है। जब सीमा वेद प्रकाश के साथ रामपुर में प्रापर्टी की रजिस्ट्री करने गई थीं तो उन्होंने इसका भी जिक्र डायरी में किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि 100 रुपए का अनार का जूस पिया गया। यही नहीं दाल-रोटी खाने का भी हिसाब लिखा है। वेद प्रकाश ने पूछताछ में भी इसका खुलासा किया है। उसने बताया कि 5 लोगों ने एक दाल के साथ रोटी खाई थी। यही नहीं दाल बचने पर सीमा ने पॉलीथिन में पैक करा लिया था।

सम्पत्ति को किया जाएगा जब्त

सीमा के रुपयों से वेद प्रकाश ने 12 लाख रुपए का मकान जगतपुर में खरीदा था। इसके रेनोवेशन में साढ़े 5 लाख रुपए खर्च किए थे। इसी तरह से नेशनल हाइवे पर शंखा पुल के पास 8 लाख का प्लॉट भी अपने नाम खरीदा था। अब पुलिस इन दोनों प्रॉपर्टी के जब्तीकरण की कार्रवाई करेगी।

पुजारी के साथ भी की ठगी

वेद प्रकाश काफी कई लोगों से धोखाधड़ी कर रखी है लेकिन कई लोग सामने ही नहीं आए हैं। बताया जा रहा है कि वेदप्रकाश ने ऑफिस खोलने के दौरान एक पुजारी को बुलाया था। बाद में उसने पुजारी को भी अपने झांसे में लेकर 10 लाख की रकम हड़प ली थी।

Posted By: Inextlive