यात्रियों को तरस रही मेरठ हैरिटेज दर्शन बस सेवा

गर्मियां बीती पर नही मिल सके एसी बसों को यात्री

Meerut। करीब आठ माह पहले मेरठ शहर के ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के लिए शुरु की गई मेरठ हैरीटेज दर्शन बस सेवा पांच यात्राओं के बाद ही थम गई। शुरुआत में यात्रियों के भरपूर उत्साह के बाद एकदम से यात्रियों की कमी होने के कारण बस का संचालन करना रोडवेज के लिए घाटे का सौदा रहा, जिसके चलते गत पांच माह से इस बस का संचालन बंद है। वहीं शहर व देहात के यात्रियों को गर्मियों से राहत देने के उद्देश्य से शुरु की गई एसी बस सेवा अब केवल देहात मार्ग तक ही सीमित रह गई है।

यात्रियाें की कमी

मेरठ के ऐतिहासिक स्थलों का दर्शन कराने के लिए प्रत्येक रविवार को मेरठ हैरिटेज दर्शन बस का संचालन शुरु किया गया था। पूरे जोश के साथ शुरु हुई इस योजना में शुरुआत के पांच सप्ताह तक तो यात्रियों ने रुचि दिखाई लेकिन बाद में यात्रियों ने दूरी बना ली। रोडवेज के लिए पूरी बस के टिकट बुक होने के बाद ही यात्रा का संचालन करने का नियम ही भारी पड़ गया। न तो बस की सभी सीटें बुक हो पा रही थी और न ही रोडवेज घाटे में बस का संचालन कर पा रहा था। जिस कारण से यह योजना फिलहाल बंद पड़ी है।

एसी बस सेवा देहात तक सीमित

वहीं शहर व देहात के यात्रियों के सफर को गमिर्यो में सुहाना बनाने के लिए शुरु की गई। आठ एसी बसों का संचालन अब केवल देहात रुट तक सीमित है। शहर में यात्रियों का लोड फेक्टर कम रहने के कारण शहर के रुटों से एसी बसों को हटाकर केवल सरधना और बाईपास तक संचालन किया जा रहा है। जिस कारण से रोडवेज के लिए यह बस सेवा भी घाटे का सौदा साबित हो रही है।

हैरिटेज योजना के लिए बस पूरी फुल होने के बाद ही चलाई जा सकती है। लेकिन यात्रियों की संख्या पूरी नही हो पाती जिस कारण से बस नही चल पा रही है। बाकि एसी बस सेवा देहात मार्गो पर संचालित हो रही है।

विजय निगम, एमडी महानगर बस सेवा

Posted By: Inextlive