रांची पुलिस को सिंघानिया के बाद उस शराब तस्कर की तलाश है जिसने उसके जेल जाने के बाद उसकी सत्ता संभाल ली है.

ranchi@inext.co.in
RANCHI: रांची पुलिस को सिंघानिया के बाद उस शराब तस्कर की तलाश है जिसने उसके जेल जाने के बाद उसकी सत्ता संभाल ली है। हातमा शराब कांड में अब तक चंदवे के संतोष साहू, सोना राम, मोना राम, कांके होचर के हरिओम साहू, विजय साहू के नाम सामने आए हैं। लेकिन ये सभी उस शराब तस्कर के प्यादे मात्र हैं, जो परदे के पीछे रहकर अवैध शराब का कारोबार कर रहा है। गौरतलब हो कि झारखंड सरकार अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए खुद राज्यभर में दुकानें चला रही है। इसके बावजूद राजधानी रांची में अवैध शराब का गोरखधंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा। रांची में अवैध रूप से न सिर्फ शराब की बिक्री हो रही है, बल्कि इसे शहर के विभिन्न इलाकों में बनाया भी जा रहा है।

कबाड़ी वाले पहुंचाते हैं अवैध शराब
शहर के अड्डों तक अवैध शराब पहुंचाने के लिए माफिया बड़ी गाडि़यों का सहारा नहीं लेते हैं। वे फेरी वाले और कबाड़ी वाले के जरिए अवैध शराब की खेप अड्डों तक पहुंचाते हैं। क्योंकि इन लोगों पर पुलिस को शक नहीं होगा और आसानी से खेप संबंधित ठिकानों तक पहुंच जाती है। बताया जाता है कि शराब की खेप पहुंचाने के एवज में माफिया उन्हें अच्छी रकम भी देते हैं। रांची पुलिस अब ऐसे लोगों की भी जांच करने की तैयारी कर रही है।

ब्रांडेड शराब का नकली लेबल
रांची पुलिस ने महंगी और ब्रांडेड शराब का लेबल बनाने वालों की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए पुलिस गुप्तचरों की भी मदद ले रही है। अवैध रूप से लेबल बनाने वालों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। पुलिस की जांच में रांची के कई इलाकों में महंगी और ब्रांडेड शराब का लेबल बनाने की बात सामने आई है।

मंत्री सीपी सिंह ने बस्ती में की बैठक
हातमा बस्ती में आज केंद्रीय सरना समिति के जगलाल पाहन, शोभा कच्छप के नेतृत्व में बैठक की गई। इसमें मंत्री सीपी सिंह, महापौर आशा लकड़ा, उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय, नगर आयुक्त मनोज कुमार एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। कल महिलाओं द्वारा घर घर जाकर अवैध शराब बेचने और बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया था। मंत्री ने कहा कि हमारे ही लोग हमारे ही लोगों को जहरीली शराब पिलाना चाहते हैं और अपने पैसा कमाना चाहता है। अवैध शराब बनाने, बेचने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कोई भी हो सलाखों के पीछे जाएगा। गरीब की जिंदगी से खिलवाड़ करने की किसी को छूट नहीं है। बैठक में महिलाओं ने शराब बंदी का मुद्दा उठाया। महापौर, नगर आयुक्त और उपमहापौर ने भी अपनी- अपनी बातें रखीं।

Posted By: Inextlive