बीजेपी के चार और सपा-कांग्रेस के एक-एक सदस्य निर्वाचित

नगर निगम कार्यकारिणी के 12 में सात सदस्य अब भाजपा के

पार्षदों के साथ सांसद, विधायक ने भी किया मतदान

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: नगर निगम सदन के साथ ही कार्यकारिणी में भी भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों का ही वर्चस्व है। कार्यकारिणी के छह सदस्यों का स्थान रिक्त होने के बाद नए छह सदस्यों के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में एक बार फिर भाजपा के पार्षद भारी पड़े। छह नए सदस्यों में भाजपा के चार और सपा-कांग्रेस के एक-एक सदस्य निर्वाचित हुए।

नौ पार्षदों ने किया था नामांकन

कार्यकारिणी सदस्य के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने पूरी तैयारी कर रखी थी। भाजपा ने कार्यकारिणी सदस्य के लिए जहां पांच प्रत्याशी शिव भारतीय, मिथलेश सिंह, सत्येंद्र चोपड़ा, नीलम यादव और आकाश सोनकर को उतारा था। वहीं कांग्रेस से अशोक सिंह, मुमताज अंसारी और समाजवादी पार्टी से नितिन यादव व अनीस अहमद ने नामांकन किया। नगर निगम सदन में मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी की मौजूदगी में पार्षदों ने कार्यकारिणी सदस्य के लिए नामांकन किया। शाम को मेयर की मौजूदगी में ही मतगणना हुई।

विधायक व सांसद ने किया मतदान

80 पार्षदों के साथ ही विधायक व सांसद समेत कुल 90 सदस्यों को मतदान करना था। कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, फूलपुर सांसद नागेंद्र सिंह पटेल, सांसद श्यामाचरण गुप्ता, विधान परिषद सदस्य यज्ञदत्त शर्मा, सुरेश त्रिपाठी व वासुदेव यादव ने मतदान किया। मतगणना में भाजपा के पार्षद शिव भारतीय, मिथलेश सिंह, सत्येंद्र चोपड़ा, नीलम यादव, कांग्रेस से अशोक सिंह और समाजवादी पार्टी से अनीस अहमद कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए। निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों को मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने बधाई दी। माला पहना कर सभी का स्वागत किया गया। नगर निगम कार्यकारिणी में पहले से मौजूद छह सदस्यों में बीजेपी के ओपी द्विवेदी, अनिल कुशवाहा, सरिता श्रीवास्तव, कांग्रेस से जिया उबैद, सपा से उर्मिला यादव और निर्दल कमलेश सिंह शामिल हैं। 12 कार्यकारिणी सदस्यों में अब भाजपा के सात कार्यकारिणी सदस्य हो गए हैं।

Posted By: Inextlive