प्री मानसून की बौछारों के बाद उत्तर भारत एक बार फिर से लू की चपेट में रहेगा। जुलाई के पहले दिन से ठहरा हुआ मानसून तेजी से दिल्ली-पंजाब की ओर बढ़ेगा। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 6 जुलाई तक उत्तर भारत के राज्यों में बारिश से राहत मिलेगी।


कानपुर। 30 जून को बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बन रहा है। इससे दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर भारत के राज्यों दिलली, हरियाणा, और पंजाब की ओर बढ़ने के आसार हैं। भारतीय मौसम  विभाग का अनुमान है कि जुलाई के पहले-दूसरे दिन इन राज्यों में प्री मानसून की बारिश होगी और 6 जुलाई तक मानसून छा जाएगा। उत्तर भारत में मानसून की देरी को लेकर स्काईमेट वेदर की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस न होने और अरब सागर या बंगाल की खाड़ी में चक्रवात संबंधी गतिविधियां न होने के कारण मानसून में ठहराव देखा जा रहा था। यही वजह थी कि केरल तट पहले से ही देर से पहुंचा मानसून धीमा पड़ गया था।उत्तर भारत में लू, मध्य और दक्षिण में भारी बारिश
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से अभी गर्मी की चपेट में रहेंगे और यहां लू चलेगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं लू चलने के आसार बने हुए हैं। अगले 24 घंटों में मानसून के रफ्तार पकड़ने के बाद इन इलाकों में भी आंधी-पानी और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है। ओडिशा के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में कहा है कि कोंकण, गोवा, तेलंगाना, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और गांगेय पश्चिम बंगाल सहित मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक के तटीय इलाके, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और झारखंड के कुछ इलाके भारी बारिश की चपेट में रहेंगे।

मैदान में आंधी-पानी तो तटीय इलाकों में मछुआरों को चेतावनीपूर्वी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आंधी-पानी और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन इलाकों में अगले 24 घंटों के बाद मानसून दस्तक दे सकता है। इसके अलावा हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और झारखंड के कुछ इलाकों में भी कमोबेस ऐसा ही मौसम रहेगा। मौसम विभाग ने अरब सागर से लगे गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा के तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र मे न उतरने की चेतावनी जारी की है। वहीं ंबंगाल की खाड़ी से सटे तटीय इलाकों में भी खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न उतरने की सलाह दी है।

Posted By: Satyendra Kumar Singh