शाहरुख खान को असहिष्णुता पर बयान देना खासा भारी पड़ रहा है। एक ओर उनके खिलाफ भाजपा नेताओं ने आग उगलना शुरू कर दिया है। साध्वी प्राची ने उन्हें पाकिस्तानी एजेंट कहा है वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि शाहरुख की आत्मा पाकिस्तान में है और वे राष्ट्रविरोधी हैं। इसी बीच मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद ने शाहरुख और परेशान भारतीय मुस्लिमों को पाकिस्तान आने का न्योता दे दिया है।

ट्विटर पर मिला न्यौता
शाहरुख खान पर भाजपा नेताओं के हमले के बाद मुंबई हमलों के गुनहगार हाफिज सईद ने शाहरुख खान को पाकिस्तान आने का न्योता दे दिया है। हाफिज ने ट्विटर पर लिखा कि भारत में अपने धर्म की वजह से परेशानी झेल रहे मुसलमान पाकिस्तान आ सकते हैं।

Any such Muslim, even Shahrukh who is facing difficulty and discrimination in India because of Islam are invited to stay in Pakistan - End

— Hafiz Muhammad Saeed (@HafizSaeedJUD01) November 3, 2015


भड़की साध्वी प्राची ने कहा पाकिस्तानी एजेंट
शाहरुख के उस बयान के विरोध में, जिसमें उन्होंने देश में चरम असहिष्णुता की बात कही थी। साध्वी प्राची ने कहा कि शाहरुख पाक एजेंट हैं। वह अकसर उनकी (पाकिस्तान) विचारधारा दर्शाते हैं। उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए। साध्वी ने कहा, शाहरूख कहते हैं, देश में अशांति है। पाकिस्तान में उन्हे मुंह धोने को पानी भी नहीं मिलेगा। मुजफ्फरनगर अदालत परिसर में भाजपा के धरने पर पहुंची साध्वी ने ये बातें शाहरुख के बयान से जुड़े सवाल पर कहीं।
विजयवर्गीय ने भी जाहिर की नाराजगी
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी शाहरुख के बयान को देशद्रोह बताया है। मंगलवार को उन्होंने ट्वीट कर कहा कि शाहरुख शरीर से हिंदुस्तान में रहते हैं पर उनका मन हमेशा पाकिस्तान में रहता है। उनकी फिल्मों ने भारत में करोड़ों कमाये लेकिन भारत उन्हें असहिष्णु नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह देशद्रोह नहीं तो और क्या है। भारत संयुक्त राष्ट्र संघ का स्थाई सदस्य बनने जा रहा है। पाकिस्तान समेत तमाम भारत विरोधी ताकतें इसके विरोध में षड्यंत्र रच रही हैं। देश में असहिष्णुता का वातावरण खड़ा करना उसी षड्यंत्र का हिस्सा है। अगले ट्वीट में उन्होंने फिर लिखा कि शाहरुख खान ने असहिष्णुता का राग अलापकर पाकिस्तान और भारत विरोधी ताकतों के सुर में सुर मिलाया है। उन्होंने कहा कि जब 1993 में मुंबई में सैकड़ों लोग मारे गए, तब वह कहां थे।

शाहरुख़ खान रहते भारत में हैं पर उनका मन सदा पाकिस्तान में रहता है। उनकी फिल्मों यहाँ करोड़ो कमाती है पर उन्हें भारत असहिष्णु नजर आता है 1/5

— Kailash Vijayvargiya (@KailashOnline) November 3, 2015भारत मे असहिष्णुता का माहौल बनाना षडयंत्र का हिस्सा है। शाहरुख़ ने 'असहिष्णुता का राग' पाक व भारत विरोधी ताकतों के सुर में सुर मिलाना है 3/5

— Kailash Vijayvargiya (@KailashOnline) November 3, 2015


गौरतलब है कि शाहरूख ने अपने 50वें जन्मदिन पर शनिवार को देश में चरम असहिष्णुता की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि रचनात्मकता और धर्म के प्रति असहिष्णुता देश को आहत करेगी।

inextlive from India News Desk

 

 

 

Posted By: Molly Seth