आगरा। शाहजहां का उर्स शुरू हो गया है। शुक्रवार को उर्स का पहला दिन था। तीन दिन तक चलने वाले इस उर्स के दौरान हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान ताजमहल में सैलानियों का प्रवेश निशुल्क रहेगा।

खोली गई मुख्य कब्रें

उर्स के दौरान एएसआई की ओर से शाहजहां और मुमताज की मुख्य कब्रें खोली जाती हैं। ये कब्रें तहखाने के अंदर स्थित हैं। शुक्रवार को ताजमहल बंदी का दिन होता है। दोपहर बारह से दो बजे के बीच ताजमहल में ताज के आस-पास के नमाजियों को ही एंट्री दिए जाने की व्यवस्था है। दोपहर दो बजे से सूर्यास्त तक अकीदतमंदों के साथ ही साथ टूरिस्ट को भी ताजमहल में एंट्री दी गयी।

ताजमहल में हुई रस्में

शुक्रवार कोउर्स के दौरान गुस्ल की रस्म और फिर मिलाद की रस्म पूरी की गई। उधर, उर्स के दूसरे दिन संदल की रस्म होगी। मुशायरा और कव्वाली भी होंगी। तीसरे दिन उर्स शरीफ का समापन होगा। कुलशरीफ, फातिहा और चादरपोशी की रस्म होगी। खुद्दामे रोजा कमेटी द्वारा आठ फीट से भी लम्बी सतरंगी चादर भी चढ़ाई जाएगी।

Posted By: Inextlive