मेजर निखिल हांडा की निशानदेही पर बरामद की खून से सने कपड़ों की कतरनें। दौराला के टोल प्लाजा से निकलवाई गाड़ी की फुटेज।

आर्मी एरिया के कमरे की तलाशी में जुटाए कई साक्ष्य

meerut@inext.co.in
MEERUT : शैलजा हत्याकांड में गिरफ्तार मेजर निखिल हांडा को लेकर दिल्ली पुलिस गुरुवार सुबह चार बजे मेरठ पहुंची। दौराला से उन्होंने खून से सने अधजले कपड़े भी बरामद किए। इसके अलावा दौराला के टोल प्लाजा से मेजर की गाड़ी की फुटेज भी निकाली। साथ ही कैंट एरिया में एक कमरे की तलाशी लेते हुए हत्या से जुड़े काफी साक्ष्य एकत्रित किए.


कई साक्ष्य जुटाए

दिल्ली पुलिस मीडिया से बचने के लिए सुबह चार बजे मेजर निखिल हांडा को लेकर मेरठ पहुंची। आर्मी अफसरों को साथ लेकर मेजर निखिल हांडा के कैंट स्थित एक कमरे में तलाशी अभियान चलाया। वहां से दिल्ली पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कई साक्ष्य एकत्रित किए। वहां पर उसकी गाड़ी के टायरों की निशान भी मिले। सभी साक्ष्यों के फोरेंसिक टीम ने सैंपल लिए। इसके अलावा आर्मी के जवानों से भी 24 जून का रजिस्टर भी चेक किया। जिसमें मेजर की रात में एंट्री भी मिली। करीब वहां पर टीम दो घंटे तक मौजूद रही। इसके बाद टीम हांडा की निशानदेही पर कैंटोंमेंट हास्पिटल के पास एक घर पर पहुंची। वहां पर कोई नहीं मिला। इसके बाद टीम दौराला थाने पहुंची। वहां पर टीम ने आमद कराते हुए वहां से दौराला थाना क्षेत्र के सिवाए टोल प्लाजा के लिए रवाना हुई। दौराला थाने के इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि दिल्ली के नारायणा थाने के इंस्पेक्टर गुरुवार सुबह तकरीबन 7 बजे दौराला थाने में मेजर निखिल हांडा को लेकर पहुंचे थे। उन्होंने वहां पर अपनी आमद कराई। इसके बाद वह सुबह आठ बजे वहां से वापस थाने पहुंचे। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए।


24 जून की फुटेज में कैद

दिल्ली पुलिस ने सिवाया टोल प्लाजा पहुंचकर 24 जून के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें 24 जून की रात्रि 2.45 मिनट पर मेजर निखिल हांडा की कार मेरठ से टोल प्लाजा से होती हुई रूड़की के लिए रवाना हुई। फुटेज में मेजर निखिल हांडा साफ नजर आ रहा है। पुलिस ने वह फुटेज अपने कब्जे में ली।


ढाबे का खंगाला फुटेज

दिल्ली पुलिस ने इसके बाद थोड़ी दूर चलकर एक ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरा चेक किया। वहां भी मेजर हांडा की कार जाती हुई दिखाई दी। पुलिस की छानबीन में मेजर निखिल हांडा ने बताया था कि हत्या करके वह मेरठ की तरफ रवाना हो गया था। उसने हत्या के वक्त पहने हुए खून से सने कपड़ों को मेरठ के दौराला रोड पर जलाया था। पुलिस ने वहीं पर कपड़ों के जले हुए कुछ कतरन बरामद की। इसके बाद दिल्ली पुलिस उसे अपने साथ दिल्ली लेकर रवाना हो गई।


कमरे को खंगाला

मेजर निखिल हांडा को लेकर दिल्ली पुलिस कैंट के कमरा नंबर 104 रेजीमेंट में गई। वहां से काफी समान पुलिस ने कब्जे में लिया। दिल्ली पुलिस ने उसे कोर्ट से हत्या में शामिल साक्ष्य ढूंढने के लिए दस दिन की रिमांड पर ले रखा है।


पांच घंटे रही दिल्ली पुलिस

दिल्ली पुलिस मेजर निखिल हांडा को हिरासत में लेकर करीब पांच घंटे तक मेरठ में रही। इस दौरान उसने मेजर के बताए कैंट एरिया के कई स्थानों पर दबिश भी डाली।


मेरठ में मिटाए साक्ष्य

मेजर निखिल राए हांडा कितना शातिर था। वह शैलजा का मर्डर करके सीधा मेरठ पहुंचा। उसके बाद उसने टोल प्लाजा से गाड़ी निकाली। रूड़की के लिए रवाना होने का नाटक किया। फिर मुड़कर वापस मेरठ आ गया। इसके बाद उसने मेरठ में मर्डर के साक्ष्य मिटाए।

 

'शैलजा हत्याकांड की तफ्तीश दिल्ली पुलिस कर रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए उन्होंने दौराना थाने में आमद कराई। वहां से टीम टोल प्लाजा पहुंची। वहां से उन्हें क्या मिला या नहीं, दिल्ली पुलिस ने इसके बारे में कुछ नहीं बताया.'

- पंकज सिंह सीओ दौराला

 

Posted By: Inextlive