- गन्ने की कीमत और भुगतान की मांग पर किया चक्का जाम

- यातायात व्यवस्था ठप, दिनभर जाम में फंसी रही जनता

Meerut : प्रदेश सरकार द्वारा गन्ने के दाम न बढ़ाने तथा मिलों द्वारा गन्ना भुगतान न करने को लेकर किसानों ने सोमवार को नेशनल और स्टेट हाईवे के साथ ही कई जगहों पर चक्का जाम कर दिया, जिसकी वजह से मेरठ और सहारनपुर मंडल का ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह से चरमरा गया। देर शाम तक लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

मेरठ और मुजफ्फरनगर में जाम

मेरठ में भाकियू पदाधिकारियों ने दिल्ली-हरिद्वार हाईवे के खिर्वा चौराहा पर, मेरठ-पौड़ी हाईवे पर मवाना खुर्द तिराहा तथा बहसूमा में जाम लगाया। मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव दबथुआ में चक्का जाम किया गया, जबकि मेरठ-बागपत-पानीपत मार्ग पर गंगनहर के जानी पुल पर जाम लगाया गया। सरकार से बातचीत जारी होने के कारण खिर्वा चौराहा पर देर शाम तक जाम जारी था। वहीं मुजफ्फरनगर में हजारों किसानों ने नावला कोठी रजवाहे के पास एनएच-58 पर ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी कर जाम लगाया। यहां भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने प्रदेश सरकार पर किसानों की समस्याएं न सुनने का आरोप लगाया। उन्होंने मांगें पूरी होने तक आंदोलन उग्र करने की चेतावनी दी। प्रशासन ने रूट डायवर्ट कर वाहनों को खतौली वाया जानसठ होते हुए मुजफ्फरनगर रवाना किया।

शामली सहारनपुर में रहा कब्जा

शामली जिले में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर हींड पुलिया पर और मेरठ-करनाल हाईवे पर केरटू में जाम लगाया गया। सहारनपुर में भाकियू ने रुड़की-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग 73 पर कब्जा कर गागलहेड़ी में बेमियादी चक्का जाम व धरना शुरू किया। जाम के चलते उत्तराखंड, हरियाणा व पंजाब से आने-जाने वाले वाहनों के लिए पुलिस प्रशासन को रूट डायवर्ट करना पड़ा। गागलहेड़ी में सीओ व एसडीएम भारी फोर्स के साथ जमे रहे।

बागपत-मेरठ रोड पर भी जाम

बागपत में बागपत-मेरठ मार्ग स्थित मीतली गांव में जिलाध्यक्ष की अगुवाई में चार घंटे तक जाम लगाया गया। बड़ौत में पुलिस चौकी के पास दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर आठ घंटे तक जाम लगाया। बिजनौर में भाकियू जिलाध्यक्ष ठाकुर रामऔतार सिंह व युवा जिलाध्यक्ष लाल सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर बेमियादी धरना शुरू किया। किसानों ने यहां टेंट लगाकर भोजन बनाना भी शुरू कर दिया है। नजीबाबाद में नैनीताल-हरिद्वार नेशनल हाईवे, अफजलगढ़ में बहादरपुर शुगर मिल के पास, चांदपुर में बिजनौर-बदायूं हाईवे पर बागड़पुर गांव में चक्का जाम किया। हापुड़ में काली नदी के पास व सिंभावली में मध्य गंग नहर पर नेशनल हाईवे पर जाम लगाया गया।

Posted By: Inextlive