-कॉम्पलेक्स के केबिन में मिला शव, मुंह से झाग निकल रहा था

-एक लाख रुपए का जीता था सट्टा, रकम को लेकर हत्या की आशंका

-पुलिस ठंड से मौत मान रही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा सच का खुलासा

KANPUR :

हरबंश मोहाल में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थिति में शुलभ कॉम्पलेक्स में केयर टेकर का शव मिलने से हड़कम्प मच गया। वो एक दिन पहले ही सट्टा जीता था। माना जा रहा है कि सट्टे की रकम को लेकर ही उसकी हत्या की गई है। उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जबकि मुंह से झाग निकल रहा था। जिससे परिजनों ने भी उसकी हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस हत्या से इन्कार कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया।

सुबह केबिन में मिली डेड बॉडी

पनकी के रतनपुर में रहने वाला अशोक सिंह (ब्8) सुतरखाना स्थित शुलभ कॉम्पलेक्स का केयर टेकर था। उनके परिवार में पत्नी विभा सिंह और तीन बच्चे हैं। वो रोज की तरह गुरुवार की शाम को साइकिल से शुलभ कॉम्पलेक्स गए थे। सुबह वहां के कर्मियों ने विभा को फोन करके अशोक की मौत के बारे में बताया तो उनके होश उड़ गए। आनन फानन में वो भाई सुधीर और बच्चों समेत मौके पर पहुंच गई। वहां पर केबिन में अशोक का शव फर्श पर पड़ा था। उसका पूरा शरीर पानी से गीला था। उसके मुंह से झाग आ रहा था और शरीर पर चोट के निशान थे। विभा और बच्चे शव से लिपटकर रोने लगे। कुछ ही देर में एसओ फोर्स समेत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया। एसओ एके सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया उसकी ठंड से मौत होने के सबूत मिले हैं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच्चाई का पता चलेगा। उन्होंने शरीर पर चोट के निशान और मुंह से झाग निकलने से इन्कार किया है।

एक लाख रुपए का जीता था सट्टा।

शुलभ कॉम्पलेक्स के पास टैम्पो स्टैंड है। अशोक की टैम्पो ड्राइवरों से दोस्ती थी। वो उनके साथ गपशप करता था। ड्राइवरों के मुताबिक अशोक सट्टा खेलता था। गुरुवार को उसका नम्बर फंस गया था। वो करीब एक लाख रुपए का सट्टा जीता था। जिससे वो बेहद खुश था। उसको शाम को ही रुपए मिलने थे, लेकिन पुलिस को उसके पास से रुपए नहीं मिले है। साथ ही उसका मोबाइल भी गायब है। माना जा रहा है कि इसी रकम के लिए उसका मर्डर कर किया गया है। हालांकि पुलिस इससे इन्कार कर रही है।

तो जहरीली शराब से मौत हुई है

इलाकाई लोगों के मुताबिक अशोक शराब का लती था। वो रोज शाम को शराब पीता था। उसने गुरुवार को भी शराब पी थी। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। जिससे माना जा रहा है कि किसी ने सट्टे की रकम हड़पने या लूटने के लिए उसे शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया या उसने जहरीली शराब पी ली थी। इस बाबत एसओ एके सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सच्चाई पता चल जाएगी।

दोस्त के साथ देखा गया था

सुतरखाना में रहने वाले गुलफाम की अशोक से दोस्ती थी। गुरुवार की शाम को अशोक की गुलफाम से मुलाकात हुई थी। उसके साथ अशोक कहीं गया भी था, लेकिन एक घंटे बाद वापस लौट आया था। इसलिए पुलिस को उस पर शक है। अगर अशोक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है तो पुलिस गुलफाम से पूछताछ करेगी।

Posted By: Inextlive