- इन घरों पर पिछले दस साल से बकाया है हाउस टैक्स

- कुर्की में पुलिस बल के लिए नगर निगम ने एसएसपी को लिखा पत्र

- पहले बड़े बकायदारों पर कसेगी लगाम, वहीं से शुरू होगी कुर्क करने की कार्रवाई

GORAKHPUR: नगर निगम ने एक हजार घरों को कुर्की की नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 10 हजार से अधिक के बकायदारों के साथ ही दस साल से टैक्स जमा न करने वालों को दी गई है। इनसे नगर निगम इसी मंथ टैक्स वसूली करेगा। नगर निगम से जुड़े लोगों की मानें तो फरवरी माह में करीब एक हजार घरों को कुर्की के लिए नोटिस दी जा चुकी है। अगर इन्होंने इस माह टैक्स नहीं जमा किया, तो मार्च के पहले सप्ताह में कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने एसएसपी को पत्र लिखकर पुलिस फोर्स की मांग भी कर ली है।

मिलते एक करोड़ रुपए

आर्थिक रूप से लड़खड़ाए नगर निगम को अगर यह टैक्स मिल जाता तो वह अपने बोर्ड फंड की मदद से शहर की 100 से अधिक सड़कों और नालियों को निर्माण कर लेता है। कर निर्धारण अधिकारी आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि इन घरों पर लगभग एक करोड़ रुपए बकाया है। टैक्स वसूली का पैसा सिटी के विकास में खर्च होता है। हाउसटैक्स वसूली का पूरा पैसा बोर्ड फंड में जाता है और बोर्ड फंड पार्षद वरीयता के आधार पर खर्च किया जाता है। अगर एक करोड़ रुपए मिल जाते तो इस साल पार्षद वरीयता के लगभग 100 से अधिक काम जोकि पेंडिंग पड़े हुए हैं, वह पूरे कर लिए जाते।

8 करोड़ का हैं टारगेट

नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रबीस चंद का कहना है कि सिटी में कुल 1.29 लाख टैक्स देने वाले हैं। इनमें लगभग 1.25 लाख हाउस टैक्स देते हैं। चार हजार लोग नगर निगम की दुकान या आवास में रहते हैं। इन पर लगभग कुल 8 करोड़ रुपए का टैक्स बकाया है। इनमें एक हजार ऐसे बकायदार हैं, जिन पर एक से दो करोड़ रुपए बकाया है और उन्होंने 10 साल से अधिक समय से टैक्स नहीं जमा किया है।

मार्च के पहले सप्ताह में कार्रवाई

इस बार ऐसे बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है और इनको नोटिस देने के साथ ही साथ कुर्की के लिए भी नोटिस दे दी गई है। मार्च के पहले सप्ताह में पुलिस मिलते ही इन पर कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। रबीस चंद ने बताया कि नोटिस मिलने के बाद कुछ लोग पैसा दे देते हैं, लेकिन कुछ जानबूझकर उसे अनदेखा कर देते हैं। पिछले साल असुरन चौक पर एक मैरेजहाल और स्टेशन पर एक होटल की कुर्की के लिए टीम पहुंची थी। जब सामान बाहर निकाला जाने लगा, तो लोगों ने फौरन ही टैक्स के पैसे जमा कर दिए।

दो कटेगरी में बकायदारों पर कार्रवाई की जा रही है। 10 हजार रुपए से अधिक के बकाएदार हैं, उनके घर कर्मचारी दस्तक देकर टैक्स वसूल रहे हैं। जिन्होंने 10 साल से अधिक से टैक्स नहीं जमा किया है, उनको कुर्की की नोटिस दी गई है।

रबीस चंद, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, नगर निगम

Posted By: Inextlive