- दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने किया था करप्शन की भेंट चढ़ चुके सबस्टेशन का पर्दाफाश

- सबस्टेशन की फर्श लगातार धंसने से पॉवर सप्लाई सिस्टम को भी हो गया था खतरा

KANPUR: करप्शन की भेंट चढ़े सिंहपुर सबस्टेशन के दैनिक जागरण आईनेक्स्ट के खुलासे से केस्को ऑफिसर्स में हड़कम्प मच गया है। लगातार जमीन धंसने की वजह से खतरनाक हो चुके इस सबस्टेशन को आखिरकार संडे को बन्द कर दिया गया। सबस्टेशन के सारे पैनल हटा दिए गए। सबस्टेशन बंद होने से क्षेत्र के हजारों घरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। आनन-फानन में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इन क्षेत्रों की पॉवर सप्लाई तीन अन्य सबस्टेशन से जोड़ दी गई।

ढाई साल में ही खुला 'भ्रष्टाचार'

कल्याणपुर-बिठूर रोड स्थित सिंहपुर सबस्टेशन का शिलान्यास तीन साल पहले चीफ मिनिस्टर अखिलेश यादव ने किया था। अप्रैल, 2016 में ये सबस्टेशन चालू हुआ था। यानि कि इस सबस्टेशन को चालू हुए ढाई साल भी नहीं हुए है, इसकी जमीन धंसने लगी। लगातार जमीन धंसने की वजह से दीवारों और फर्श पर क्रैक बढ़ते जा रहे हैं। फर्श पर लगे टाइल्स उखड़ते जा रहे हैं।

खतरनाक हो चुका सबस्टेशन

यही नहीं जमीन धंसने से सिंहपुर सबस्टेशन में लगे पॉवर सप्लाई सिस्टम पर खतरा मंडराने लगा है। ट्राली पैनल डिसबैलेंस हो गई। कुल मिलाकर बिल्डिंग से लेकर पॉवर सप्लाई सिस्टम का संचालन डेंजरस पोजीशन में आ चुका है। कभी भी कोई हादसा हो सकता है। इसका खुलासा दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने संडे के इश्यू में प्रमुखता से किया। इससे केस्को ऑफिसर्स में हड़कम्प मचा हुआ है। आनन-फानन केस्को ऑफिसर्स ने संडे को इस सबस्टेशन से पॉवर सप्लाई ठप कर दी। इसकी कोई पूर्व सूचना भी लोगों को नहीं दी गई।

तीन अन्य सबस्टेशन से जोड़े

सिंहपुर सबस्टेशन में 5-5 एमवीए के दो पॉवर ट्रांसफॉर्मर लगे हुए हैं। केस्को प्रबंधन ने सबस्टेशन बंद कर यहां लगे ट्राली पैनल हटाने का काम शुरू कर दिया। इससे सिंहपुर, सम्भलपुर, चिंटल, पायनियर, रूद्रा, लुधौरी, इस्कॉन, बनियापुर आदि की बिजली संडे की सुबह 11 बजे गुल हो गई। पॉवर क्राइसिस से जूझ रहे लोगों ने सबस्टेशन और कन्ट्रोल रूम के फोन घनघनाएं तब कहीं जाकर लोगों को सबस्टेशन बंद किए जाने की जानकारी हो सकी। इन मोहल्लों को जाने वाले फीडर को दयानन्द विहार, केसा कॉलोनी और बिठूर सबस्टेशन से जोड़ा गया है। इसकी वजह से हजारों लोगों को संडे को बिजली संकट का सामना करना पड़ा है। केस्को ऑफिसर इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। केस्को ऑफिसर सीएसबी अंबेडकर ने कहा कि सिंहपुर सबस्टेशन में काम की वजह से शटडाउन लिया गया है। सप्लाई दूसरे सबस्टेशनों से जोड़कर नॉर्मल कर दी गई है।

Posted By: Inextlive