RANCHI: कांके की हातमा बस्ती में जहरीली शराब पीने से फिर चार लोगों की मौत हो गई। इसकी पुष्टि मृतकों के परिजनों ने की है। परिजनों ने बताया कि शनिवार को शराब पीने के कारण तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद एक युवक को रिम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं एक अधेड़ रात को शराब पीने निकल गया था। बाद में लौटकर घर पहुंचा तो उसकी भी तबीयत बिगड़ गई। वहीं थोड़ी देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया।

पोस्टमार्टम कराने को भीड़

शराब पीने से मौत की खबर पूरी बस्ती में फैल गई। इसके बाद अफरा-तफरी में पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भिजवाया। इस बीच गोंदा थाना के वरीय पुलिस अधिकारी भी रिम्स पहुंचे और मृतकों के परिजनों से पूछताछ की।

क्या कहते हैं परिजन

हमारे एरिया में कई जगहों पर शराब बनाई जाती है। अब मेरा भाई किसके यहां पीने गया था यह तो पता नहीं। लेकिन जब वह घर लौटा तो उसे उल्टी होने लगी। तबीयत अधिक खराब होने पर हमलोग उसे शनिवार शाम चार बजे रिम्स लेकर आए, डॉक्टर ने इलाज भी शुरू किया लेकिन 6 बजे उसकी मौत हो गई।

अशोक शर्मा

पिताजी भी शराब पीते थे। हमलोगों ने उन्हें रोक कर रखा था। लेकिन रात में वह घर से कैसे निकल गए पता नहीं चला। बाद में जब घर आए तो तबीयत खराब होने लगी। इसके बाद जबतक कुछ समझ पाते उनकी मौत हो गई। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि क्या हुआ था। लेकिन अभी तो यही लग रहा है कि शराब पीने के बाद यह हालत हुई है।

सुमन कुमारी

Posted By: Inextlive